पूर्व मंत्री हनुमंत सिंह को नम आंखों से अंतिम विदाई, हजारों ने दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री हनुमंत सिंह का मंगलवार को निधन हो गया। उनके आवास पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और हजारों लोगों ने...

द क्लिफ न्यूज़ | बलरामपुर | 28 जुलाई 2026
उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ अधिवक्ता, प्रख्यात समाजसेवी और जनप्रिय नेता हनुमंत सिंह को मंगलवार को बलरामपुर में नम आँखों से अंतिम विदाई दी गई। उनके निधन पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और हजारों शुभचिंतकों ने उनके बलरामपुर स्थित आवास पर पहुंचकर शोक-संवेदना व्यक्त की। सभी ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और अंतिम यात्रा एवं अंतिम संस्कार में सम्मिलित होकर उन्हें अश्रुपूरित नेत्रों से विदा किया।
इस अवसर पर कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, मेजर जनरल संजय राव, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा, गोंडा जिला पंचायत अध्यक्ष धनश्याम मिश्र, बलरामपुर सदर विधायक पलटू राम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, गैसड़ी विधायक राकेश यादव, एमएलसी पदमसेन चौधरी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवराम सिंह, बलरामपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू', पूर्व अध्यक्ष प्रदीप सिंह, पूर्व विधायक जगराम पासवान, उतरौला नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप चंद्र गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह, संजय शुक्ल, अजय सिंह 'पिंकू', वरुण सिंह 'मोनू', रमेश पाहवा, सौम्य अग्रवाल, संजय शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनसेवा के प्रति समर्पित जीवन
डीपी सिंह बैस ने कहा कि पूर्व मंत्री का संपूर्ण जीवन जनसेवा, न्यायप्रियता, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, सहज व्यवहार, संगठन के प्रति निष्ठा और समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति आत्मीयता उन्हें जन-जन का प्रिय नेता बनाती थी। उनके निधन को केवल बलरामपुर जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वर्गीय हनुमंत सिंह के आदर्श, संघर्ष, सेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण सदैव समाज एवं युवा पीढ़ी को प्रेरित करते रहेंगे।
भाजपा कार्यालय में भी हुई श्रद्धांजलि सभा
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय अटल भवन में भी जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र की अध्यक्षता में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व गन्ना मंत्री श्रद्धेय श्री हनुमंत सिंह जी के निधन पर एक शोक सभा आयोजित की गई। शोक सभा में उपस्थित पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
वक्ताओं ने श्रद्धेय हनुमंत सिंह जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन संगठन, समाज और जनसेवा के लिए समर्पित किया। उनकी सादगी, कर्मठता, संगठन के प्रति निष्ठा तथा जनता के प्रति समर्पण सदैव सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। इस अवसर पर भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने उनके प्रति अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी जानकारी जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह ने दी है।
