गुना: 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत उकावदकला में पौधरोपण और सौंदर्यीकरण
गुना जिले के बमोरी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत उकावद कलां के शांति धाम में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण और...

द क्लिफ न्यूज़ | गुना | 28 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत गुना जिले के बमोरी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत उकावद कलां के शांति धाम में व्यापक पौधरोपण और सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया। यह पहल जिला पंचायत गुना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से जनसहयोग से संपन्न हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत उकावदकला की सरपंच मुन्नी रामनारायण धाकड़ ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बमोरी पुष्पेंद्र व्यास, सहायक यंत्री बमोरी नरेश कुशवाह और उपयंत्री संजीव कुमार दवगर का साल व श्रीफल भेंट कर स्वागत करने के साथ किया। इसके पश्चात, ग्राम के बुजुर्गों के सम्मान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
शांति धाम का कायाकल्प: जनसहयोग से विकास
उकावदकला के शांति धाम परिसर में साफ-सफाई, चित्रकला, विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण और अन्य आवश्यक विकास कार्य पूर्ण किए गए हैं। इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य अंतिम संस्कार के लिए आने वाले ग्रामीणों को बेहतर और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराना है। स्थानीय ग्रामवासियों ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय प्रयास बताया है।
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का विस्तार
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत, शांति धाम परिसर में विभिन्न फलदार पौधों जैसे आम, कटहल, अमरूद, जामुन, सहजन और संतरा के साथ-साथ सौंदर्यीकरण के लिए अन्य पौधे भी लगाए गए। इस पौधारोपण कार्य में उपसरपंच, पंच, पटवारी, सचिव, शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, तथा ग्राम के बुजुर्ग, युवा और महिलाओं ने पूरी सक्रियता से भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया। उपस्थित लोगों ने प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। ग्रामवासियों ने लगाए गए प्रत्येक पौधे की जिम्मेदारी भी ली और पौधारोपण को 'अंकुर एप' पर अपलोड किया गया।
जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका
इस जनहितकारी पहल में सरपंच मुन्नी रामनारायण धाकड़, मनोज धाकड़ (जिला अध्यक्ष, सरपंच संघ गुना) और सरपंच पुत्र नीलम धाकड़ ने अपने साथियों के साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभाई। सरपंच ने बताया कि शांतिधाम के विकास कार्यों को ग्रामीण जनों के आवश्यक सहयोग से ही प्रभावी ढंग से पूरा किया गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सार्वजनिक स्थलों के विकास में समाज की भागीदारी से ऐसे कार्य अधिक सफल और प्रभावी होते हैं।
