सागर में 14.27 एकड़ में बनेगी नई आधुनिक कालोनी, 167 मकान और 94 प्लॉट होंगे उपलब्ध
सागर के धर्मश्री कॉलोनी में 18 माह में 48.37 करोड़ की लागत से विकसित होगी मंगल विहार धर्मश्री कॉलोनी। विभिन्न श्रेणियों के 167 मकान और 94 प्लॉट आमजन के लिए उपलब्ध होंगे।

द क्लिफ न्यूज़ | सागर | 3 अगस्त 2026
मध्य प्रदेश के सागर शहर में अब सुनियोजित विकास और विस्तार को गति मिलेगी। मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा धर्मश्री कॉलोनी में 'मंगल विहार धर्मश्री कॉलोनी' नामक एक नई, आधुनिक और सुसज्जित आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। यह पहल शहर के विकास के साथ-साथ आम नागरिकों को किफायती दरों पर आवास और विकसित प्लॉट उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
मंगलवार को धर्मश्री कॉलोनी स्थित संविधान चौक के समीप आयोजित भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्य अतिथि के रूप में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
धर्मश्री कॉलोनी का सुनियोजित विकास
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इस अवसर पर कहा कि यह नई कॉलोनी सागर शहर के सुनियोजित विकास और विस्तार में अहम भूमिका निभाएगी। यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त, सुव्यवस्थित और सर्वसुविधायुक्त होगी, जिससे नागरिकों को बेहतर आवासीय वातावरण मिलेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गृह निर्माण मंडल द्वारा हितग्राहियों को किफायती दरों पर मकान और विकसित आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवार भी अपने सपनों का घर बना सकें।
मंत्री राजपूत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बुंदेलखंड के समग्र विकास के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि निवेश को बढ़ावा देने, अधोसंरचना के विस्तार, सिंचाई सुविधाओं के विकास और बेहतर शहरी योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं। गृह निर्माण मंडल की यह परियोजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन की कार्यशैली की भी प्रशंसा की, जिनके नेतृत्व में मंडल जनहितकारी आवासीय योजनाओं को नई गति प्रदान कर रहा है।
14.27 एकड़ में 18 माह में होगी कॉलोनी का निर्माण
मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मंगल विहार धर्मश्री कॉलोनी का विकास 14.27 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। इस परियोजना को 48.37 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति और 35.78 करोड़ रुपये की तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत 18 माह की तय समय-सीमा में सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त एक आधुनिक कॉलोनी तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
विभिन्न श्रेणियों के 167 मकान और 94 प्लॉट उपलब्ध
ओम जैन ने बताया कि इस आवासीय योजना के तहत विभिन्न श्रेणियों के कुल 167 मकानों का निर्माण किया जाएगा। इनमें 49 एमआईजी-ए, 54 एमआईजी-बी, 31 एलआईजी-ए और 33 ईडब्ल्यूएस-बी श्रेणी के मकान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 94 विकसित आवासीय प्लॉट भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें 11 एमआईजी-ए, 33 एमआईजी-बी, 25 एलआईजी-ए और 25 ईडब्ल्यूएस-बी श्रेणी के प्लॉट होंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि इन मकानों और प्लॉटों की कीमतें आम नागरिकों की क्रय शक्ति के अनुरूप रखी गई हैं। ओम जैन ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराई जाती है, तो वहां भी इसी प्रकार की सुनियोजित आवासीय कॉलोनियों का विकास किया जा सकता है।
