फतेहपुर: मकान के बाहर जबरन बिजली पोल लगाने पर विवाद, डीएम से की शिकायत
फतेहपुर के हसवा कस्बे में एक व्यक्ति ने पड़ोसियों पर मकान के बाहर जबरन बिजली का पोल गड़वाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने डीएम...

फतेहपुर | संवाददाता: देवेंद्र सिंह
द क्लिफ न्यूज़ | फतेहपुर | 4 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र स्थित हसवा कस्बे में बिजली का खंभा गाड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय निवासी मोहम्मद शब्बीर ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनके नए बन रहे मकान के ठीक बाहर जबरन बिजली का पोल लगवा रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
मोहम्मद शब्बीर ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बारिश के दौरान उनका पुराना मकान ढह गया था, जिसके बाद से वे नए निर्माण कार्य में लगे हुए हैं। इसी बीच, उनके पड़ोसी इदरीश, मुजीब उर्फ मोनू, महबूब और ग्राम प्रधान मोहम्मद राशिद उर्फ बबलू ने मिलकर उनके घर के सामने बिजली का पोल लगवाने का प्रयास शुरू कर दिया। शब्बीर का कहना है कि पोल लगाने के लिए पर्याप्त खाली जगह मौजूद होने के बावजूद जानबूझकर उनके मकान को निशाना बनाया जा रहा है।
पीड़ित की शिकायत और कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले की शिकायत वे तीन बार पहले भी दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। इतना ही नहीं, शब्बीर का दावा है कि जब वे अपने मकान का लिंटर डलवा रहे थे, तब उन्हें पुलिस के माध्यम से फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। उन्होंने जिलाधिकारी से इस पूरे मामले की गहराई से जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। शब्बीर ने यह भी अनुरोध किया है कि उन्हें फर्जी मुकदमे से बचाया जाए।
