पालिका बाजार के छात्रों के मुद्दे पर एसएफआई का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
गुना में एसएफआई ने पालिका बाजार के छात्रों की शैक्षणिक व बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कलेक्टोरेट में प्रदर्शन किया और जिलाधीश...

गुना | संवाददाता: राजा हतम वेग
द क्लिफ न्यूज़ | गुना | 20 सितंबर 2026
स्टूडेन्ट्स फैडरेशन ऑफ इन्डिया (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को जिला मुख्यालय गुना में कलेक्टोरेट परिसर में प्रदर्शन कर पालिका बाजार के विद्यार्थियों की शैक्षणिक और मूलभूत समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की। संगठन ने जिलाधीश के नाम एक ज्ञापन सौंपकर इन मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया है।
संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, राघोगढ़ तहसील के वार्ड क्रमांक 17 में स्थित पालिका बाजार का शासकीय विद्यालय वर्तमान में केवल कक्षा 8वीं तक संचालित है, जबकि यह क्षेत्र लगभग 40 वर्षों से आबाद है और बहुसंख्यक आबादी मजदूर वर्ग की है। एसएफआई ने इस विद्यालय को शीघ्र कक्षा 12वीं तक उन्नत करने की प्रमुख मांग उठाई है। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, आरक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल करने और पुराने दस्तावेजों के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने का भी अनुरोध किया गया है।
स्वास्थ्य सुविधाओं और पुल निर्माण की मांग
लगभग 5,000 की आबादी वाले पालिका बाजार क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की अनुपस्थिति को एक गंभीर समस्या बताते हुए, एसएफआई ने स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की पुरजोर मांग की है। वर्तमान में, सामान्य इलाज के लिए भी क्षेत्र के लोगों को रूठियाई या गुना जैसे स्थानों पर जाना पड़ता है।
ज्ञापन में रूठियाई से पालिका बाजार मार्ग पर चौपन नदी पर बरसात के मौसम में जलमग्न होने वाले रपटे के स्थान पर एक स्थाई और सुरक्षित पुल के निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया है। इससे स्थानीय निवासियों और विद्यार्थियों के आवागमन में सुविधा होगी।
शैक्षणिक योजनाओं और परिवहन की व्यवस्था
संगठन ने आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए छात्रावास में सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने और सभी शैक्षणिक योजनाओं का लाभ छात्रों को समय पर उपलब्ध कराने की भी मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए रियायती दर पर सुलभ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था शुरू करने पर भी जोर दिया।
इस प्रदर्शन के दौरान हुकम सिंह अहिरवार, संदीप जोशी और प्रवेश टांक सहित कई छात्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे। एसएफआई ने प्रशासन से इन मांगों पर शीघ्र ध्यान देने और समाधान के लिए कदम उठाने का आग्रह किया है।
