ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में साइबर ठगी: बरेली पुलिस ने छह गिरफ्तार
बरेली में ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने छह जालसाजों को लाखों की नकदी, फर्जी दस्तावेजों...

बरेली उत्तर प्रदेश | संवाददाता: इज़हार आलम
द क्लिफ न्यूज़ | बरेली | 4 नवंबर 2026
बरेली जनपद में ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। थाना भुता पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खटेली के पास से छह ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर अपनी असली पहचान छिपाते थे। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी इसी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
आरोपियों की पहचान ब्रजेश, हरीश सिंह, सुमेर, आकाश, विपुल कुमार सिंह और पिंटू के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह विभिन्न मोबाइल फोन पर गेमिंग ऐप डाउनलोड करके लोगों को ज्यादा मुनाफा दिलाने का लालच देते थे। वे मुख्य रूप से डिजिटल कॉइन के माध्यम से अवैध धन अर्जित कर रहे थे। पुलिस का मानना है कि इस पूरे नेटवर्क का तार एक ऐसे अज्ञात व्यक्ति से जुड़ा है, जिसके संपर्क में हजारों लोग हो सकते हैं।
नकदी, दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ है। इसमें 20 मोबाइल फोन, 44 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 25 बैंक पासबुक, 30 चेकबुक और 4,97,800 रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा, छह पीली धातु के बिस्कुट, एक थम्ब स्कैनर और जमीन से संबंधित 18 महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। बरामदगी की यह मात्रा इस ओर इशारा करती है कि यह एक संगठित गिरोह है जो बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी कर रहा था।
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच
थाना भुता में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा ठगे गए लोगों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामवीर सिंह राठी, अजय शर्मा, ऋषि मित्र और एसओजी की टीम शामिल थी। पुलिस इस वित्तीय लेनदेन के पूरे जाल का खुलासा करने के लिए मामले की गहनता से जांच कर रही है।
