BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

गुना: पंचायत सचिव के घर 12 हथियारबंद बदमाशों ने की 3 करोड़ की डकैती

गुना जिले के चक चुरेला गांव में 12 हथियारबंद बदमाशों ने पंचायत सचिव के घर में धावा बोल दिया। करीब ढाई किलो सोना, 6 किलो चांदी और 11 लाख रुपए नकद सहित 3 करोड़ की संपत्ति लूटकर बदमाश फरार हो गए।

Few hours ago
2 मिनट में पढ़ें
गुना: पंचायत सचिव के घर 12 हथियारबंद बदमाशों ने की 3 करोड़ की डकैती

द क्लिफ न्यूज़ | गुना | 3 अगस्त 2026

गुना जिले के बमोरी विधानसभा क्षेत्र के फतेहगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम चक चुरेला में आज देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक बड़ी डकैती की घटना को अंजाम दिया। लगभग 12 से 15 की संख्या में आए इन बदमाशों ने एक पंचायत सचिव के घर को निशाना बनाते हुए करीब तीन करोड़ रुपए की संपत्ति लूटी है। घटना आज रात्रि करीब 2:30 बजे के आसपास हुई।

पीड़ित पंचायत सचिव पवन मीणा ने बताया कि रात में करीब 10 से 12 हथियारबंद बदमाश उनके घर में घुस आए। उनके पास हथियार और औजार थे, जिनसे उन्होंने घर के ताले और खिड़कियां तोड़ीं। बदमाशों ने जिस कमरे में परिवार सो रहा था, उसकी कुंडियां अंदर से बंद कर दीं। इसके बाद उन्होंने घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ किया।

लूटा गया माल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लुटेरे करीब ढाई किलोग्राम सोना, 6 किलोग्राम चांदी, मंदिर से 6 लाख रुपए और घर से 5 लाख रुपए नकद, एक मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स सहित कुल लगभग तीन करोड़ रुपए की संपत्ति लूटकर फरार हो गए। डकैती की इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। जिला पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और जांच में जुट गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी पहलू सामने आएंगे, उन्हें साझा किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डकैती की घटना का जल्द खुलासा करने का पुलिस का सतत प्रयास रहेगा। वर्तमान में पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार बदमाशों की तलाश जारी है।