भिंड एसबीआई शाखा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, कलेक्टर ने भी कराई जांच
भिंड एसबीआई की मुख्य शाखा में बीएमएच हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित शिविर में 100 से अधिक पेंशनरों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वास्थ्य जांच का...

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
द क्लिफ न्यूज़ | 2 नवंबर 2026
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की भिंड मुख्य शाखा में सोमवार को बीएमएच हॉस्पिटल के सहयोग से एक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर पवन कुमार जैन ने भी शिरकत कर स्वास्थ्य जांच कराई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त पेंशनरों और आम नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
शिविर का उद्घाटन कलेक्टर पवन कुमार जैन, बैंक के चीफ मैनेजर मोबारक अली अंसारी और बीएमएच हॉस्पिटल के संचालक दीपेंद्र सिंह राजावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि कलेक्टर जैन और चीफ मैनेजर अंसारी ने स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर उपस्थित जनसमूह का उत्साहवर्धन किया। शिविर में सौ से अधिक पेंशनरों, बैंक के 25 कर्मचारियों सहित अन्य नागरिकों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई।
दवाओं और जांचों पर विशेष छूट
बीएमएच हॉस्पिटल की ओर से शिविर में आए मरीजों को आर्थिक राहत प्रदान करने के लिए दवाइयों पर 30 प्रतिशत और विभिन्न जांचों पर 40 प्रतिशत की विशेष छूट दी गई। इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे उनका प्रभावी उपचार संभव हो पाता है।
10 दिनों तक निःशुल्क परामर्श की सुविधा
शिविर की एक महत्वपूर्ण सुविधा यह रही कि स्वास्थ्य परीक्षण कराने वाले सभी मरीजों को अगले दस दिनों तक उसी चिकित्सक से परामर्श लेने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। इस अवधि के दौरान रियायती दरों पर उपचार भी जारी रहेगा। बीएमएच हॉस्पिटल की चिकित्सीय टीम में डॉ. तोशेंद्र मिश्रा, डॉ. एसएल शर्मा और डॉ. ओसामा खान ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
बैंक अधिकारियों और चिकित्सा विशेषज्ञों ने इस संयुक्त आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सामूहिक प्रयास समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया, जो स्वास्थ्य के प्रति एक सकारात्मक कदम है।
