शुभारंभ आज:इंतज़ार की घड़ियां खत्म, विकास की राह पर बढ़ा बलरामपुर
झारखंडी आरओबी निर्माण से वर्षों पुरानी जाम समस्या का होगा स्थायी समाधान।

द क्लिफ़ न्यूज़,बलरामपुर
जिलेवासियों और विशेषकर नगरवासियों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग अब साकार होने जा रही है। झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य का शुभारंभ शुक्रवार, 7 अगस्त से किया जाएगा। प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एमपीपी इंटर कॉलेज परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित शिलान्यास एवं भूमि पूजन समारोह में सदर विधायक एवं पूर्व मंत्री पल्टूराम तथा आदर्श नगर पालिका परिषद के चेयरमैन डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहेंगे।
झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग जिले के सबसे व्यस्त रेलवे फाटकों में से एक है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन, स्कूली छात्र-छात्राएं, व्यापारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। ट्रेन के गुजरने के दौरान फाटक बंद होने पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे लोगों को लंबे समय तक जाम का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न हो जाती हैं।
इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को मंजूरी दी थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही लंबे समय से चल रही अटकलों और कयासों का दौर भी समाप्त हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और लगभग दो वर्षों में ओवरब्रिज बनकर तैयार हो जाएगा।
रेलवे ओवरब्रिज बनने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। फाटक बंद होने के कारण लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी, यात्रा का समय बचेगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी तथा नगर के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
स्थानीय व्यापारियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों ने आरओबी निर्माण शुरू होने पर खुशी व्यक्त की है। उनका कहना है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी और वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान देगी।
निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन की योजना तैयार की है। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्माण अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके और आमजन को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
जिलेवासियों, विशेषकर नगरवासियों की वर्षों पुरानी सबसे बड़ी आवश्यकता को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए गए। अब उन प्रयासों का परिणाम धरातल पर उतरने जा रहा है, जिससे आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। यह लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी समस्या थी, जिससे लगभग हर नागरिक प्रभावित था। इस महत्वपूर्ण परियोजना के साकार होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को बड़ी राहत प्राप्त होगी।
— पलटूराम
सदर विधायक एवं पूर्व मंत्री
नगर के विकास की ओर एक ऐतिहासिक कदम
नगरवासियों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग झारखंडी रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) के भव्य शिलान्यास एवं भूमि पूजन समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर आप सभी नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों से सादर अनुरोध है कि अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर नगर के विकास के इस महत्वपूर्ण अध्याय के साक्षी बनें तथा इस जनहितकारी परियोजना को सफल बनाने में सहभागी बनें।
— डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’
चेयरमैन, आदर्श नगर पालिका परिषद, बलरामपुर
