नर्मदापुरम: वक्रतुंड कॉम्प्लेक्स में पक्के अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
नर्मदापुरम नगर पालिका ने वक्रतुंड कॉम्प्लेक्स में जलभराव की समस्या को देखते हुए पक्के अतिक्रमण पर जेसीबी चलाकर नाली की जल निकासी सुचारू कराई।

द क्लिफ न्यूज़ | 7 अगस्त 2026
नर्मदापुरम नगर पालिका (नपा) ने शुक्रवार को वक्रतुंड कॉम्प्लेक्स में जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान करते हुए पक्के अतिक्रमण पर जेसीबी चलवाकर नाली की जल निकासी को सुचारू बनाया। बारिश के मौसम में स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को लेकर पालिका प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
स्वच्छ भारत अभियान नोडल अनुराग तिवारी ने बताया कि वक्रतुंड कॉम्प्लेक्स की मुख्य नाली पर कुछ लोगों द्वारा पक्के अतिक्रमण कर लिए गए थे, जिसके कारण जल निकासी पूरी तरह अवरुद्ध हो गई थी। इससे न केवल गंदगी फैल रही थी, बल्कि आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा था। स्थानीय नागरिकों द्वारा शिकायत मिलने के तुरंत बाद, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव और मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के सख्त निर्देशों के अनुपालन में, स्वच्छता और राजस्व विभाग की एक संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
अतिक्रमण हटाकर जल निकासी बहाल
जांचोपरांत, पक्के अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। इस कार्रवाई से कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में रुकी हुई जल निकासी फिर से शुरू हो गई, जिससे जलभराव की समस्या का समाधान हो गया। इस दौरान राजस्व शाखा के एआरआई शेख अकबर खान और पूरी टीम उपस्थित रही, जिन्होंने अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
बारिश के दिनों में शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त रखने के उद्देश्य से नपा का अमला विशेष अलर्ट मोड पर कार्य कर रहा है। जहां कहीं भी जलभराव की सूचना प्राप्त हो रही है, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस तरह की त्वरित कार्रवाई से नागरिकों को राहत मिली है और स्वच्छता अभियान को भी बल मिला है।
