मेहगांव में 35 हजार की अवैध शराब जब्त, आरोपी फरार
भिण्ड पुलिस ने मेहगांव में 35 हजार रुपये की अवैध शराब जब्त की है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश दी, लेकिन आरोपी मौके से भागने में सफल रहा।

द क्लिफ न्यूज़ | भिण्ड | 2 अगस्त 2026
भिण्ड जिले के मेहगांव थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 35 हजार रुपये की अवैध शराब जब्त की है। हालांकि, पुलिस को आते देख आरोपी मौके से फरार हो गया। इस संबंध में आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मेहगांव पुलिस को एक गोपनीय सूचना मिली थी कि ग्राम सिलोली निवासी संजीव उर्फ संजू पुत्र छविराम सिंह जाटव अपने घर में अवैध शराब रखे हुए है और वहीं से उसका विक्रय भी करता है। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल और एसडीओपी संजय कोच्छा के निर्देशन में थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा के नेतृत्व में एक टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी।
आरोपी के घर से शराब बरामद
पुलिस को घर पर आते देख आरोपी संजीव उर्फ संजू मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने जब घर की तलाशी ली तो वहां से नौ पेटी शराब बरामद हुई। इसमें पांच पेटी 'बोल्ट बिटर केन' की थीं, जिनमें 120 केन रखी थीं। इसके अलावा, चार पेटी देशी प्लेन शराब की थीं, जिनमें 200 क्वार्टर पाए गए। जब्त की गई शराब की कुल कीमत लगभग 35 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी आदतन अपराधी
थाना प्रभारी रविन्द्र शर्मा ने बताया कि आरोपी संजीव उर्फ संजू के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत यह पहला अपराध नहीं है, बल्कि वह आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में भी इसी अधिनियम के तहत पांच अपराध पंजीकृत हैं। पुलिस ने इस मामले में धारा 34 (2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध क्रमांक 214/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विवेक शर्मा, प्रधान आरक्षक सतेन्द्र शर्मा, आरक्षक नीतू दुबे, तिलक तोमर और हेमंत गुर्जर की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
