BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

गुरु पूर्णिमा पर जौरा आश्रम में राजू भाई के दर्शन को उमड़ी भीड़

जौरा स्थित महात्मा गांधी सेवा आश्रम में गुरु पूर्णिमा पर सामाजिक कार्यकर्ता राजगोपाल पी. वी. राजू (राजू भाई) के मार्गदर्शन में सेवा, शांति और सामाजिक...

Few hours ago
3 मिनट में पढ़ें
गुरु पूर्णिमा पर जौरा आश्रम में राजू भाई के दर्शन को उमड़ी भीड़

द क्लिफ न्यूज़ | जौरा | 29 जुलाई 2026

जौरा के महात्मा गांधी सेवा आश्रम में गुरु पूर्णिमा का पर्व सादगी और गांधीवादी मूल्यों के साथ पूरे गरिमामय ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर देश के प्रख्यात गांधीवादी चिंतक तथा आदिवासियों के अधिकारों के लिए संघर्षरत सामाजिक कार्यकर्ता राजगोपाल पी. वी. राजू, जिन्हें 'राजू भाई' के नाम से भी जाना जाता है, के दर्शन और मार्गदर्शन के लिए दिनभर आगंतुकों का तांता लगा रहा। विभिन्न राज्यों से आए समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, युवाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने आश्रम पहुंचकर राजू भाई से भेंट की और उनसे आशीर्वाद लिया। पूरा आश्रम दिनभर सेवा, सद्भाव, संवाद और जनचेतना के केंद्र के रूप में जीवंत रहा।

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर, राजू भाई ने महान गांधीवादी समाजसेवी स्वर्गीय डॉ. एस. एन. सुब्बाराव 'भाई जी' की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भाई जी के शांति, सेवा, राष्ट्रीय एकता और मानवीय मूल्यों पर आधारित जीवन-दर्शन का स्मरण किया। राजू भाई ने उपस्थित युवाओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाई जी के आदर्शों, त्याग, तपस्या और लोकसेवा की परंपरा से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें।

भाई जी की समाधि पर सर्वधर्म प्रार्थना

इस अवसर पर भाई जी के प्रिय भजनों के साथ एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस प्रार्थना सभा का मुख्य उद्देश्य प्रेम, सद्भाव, विश्वबंधुत्व और मानवीय एकता का संदेश देना था। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भाई जी द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

प्रातःकाल राजू भाई ने 'भाई जी बाल मंदिर इंग्लिश मीडियम स्कूल' के विद्यार्थियों के साथ प्रार्थना की। उन्होंने बच्चों को भाईचारे, सहयोग, समभाव और नैतिक मूल्यों पर आधारित प्रेरणादायी एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से मार्गदर्शन प्रदान किया।

विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने की राजू भाई से भेंट

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने राजू भाई से मुलाकात की। इन प्रतिनिधियों ने गरीब, असहाय एवं वंचित वर्गों की सेवा तथा जनसमस्याओं के समाधान के संबंध में राजू भाई से मार्गदर्शन और सहयोग का आग्रह किया। राजू भाई ने प्रतिनिधिमंडलों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया और जनहित के मुद्दों पर समन्वित प्रयासों तथा प्रभावी कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार करने पर बल दिया।

इस अवसर पर महेश दत्त मिश्रा, नगर परिषद अध्यक्ष अखिल माहेश्वरी, राकेश दीक्षित, रामदत्त सिंह तोमर, गांधी आश्रम के सचिव दिलीप जैन, संयुक्त सचिव प्रफुल्ल श्रीवास्तव, देवेन्द्र बना, मुनेश सिंह जाटव, बहादुर सिंह, और आजमगढ़ से आए आनंद सिंह, उमाशंकर शर्मा, संजय भास्कर सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं गांधीवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने राजू भाई का आत्मीय स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया।