भिंड में परिवहन विभाग व पुलिस की सघन जांच, चालकों को दिए निर्देश
भिंड में परिवहन विभाग और पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर बसों के दस्तावेजों व सुरक्षा मानकों की जांच की। चालकों को ओवरलोडिंग न करने...

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
द क्लिफ न्यूज़ | 3 नवंबर 2026
भिंड शहर के मुख्य बस स्टैंड पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से क्षेत्रीय परिवहन विभाग (आरटीओ) और यातायात पुलिस की एक संयुक्त टीम ने एक सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न रूटों पर चलने वाली बसों के दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की।
जांच अभियान में आरटीओ आरके सोनी, आरटीओ विश्वप्रताप सिंह, टीएसआई अशोक शर्मा, ट्रैफिक थाना प्रभारी इंद्रपाल सिंह और ट्रैफिक पुलिस बल के सदस्य मोहित तोमर सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। संयुक्त टीम ने बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र और चालकों के लाइसेंस की विधिवत जांच की।
सुरक्षा मानकों और दस्तावेजों पर जोर
अधिकारियों ने बस चालकों और संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे किसी भी सूरत में बसों में ओवरलोडिंग न करें। इसके अलावा, बसों को केवल निर्धारित स्थानों पर ही रोका जाए और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजामों को पुख्ता रखा जाए।
इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य चालान काटना नहीं, बल्कि बस चालकों और संचालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। सभी बस संचालकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि उनके वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा पूर्ण रहें और नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए।
भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
संयुक्त टीम ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में की जाने वाली जांच के दौरान यदि कोई बस बिना परमिट, निर्धारित फिटनेस या ओवरलोडिंग के पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सीधे तौर पर भारी जुर्माने के साथ-साथ वाहन जब्ती और परमिट निरस्तीकरण जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी।
