BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

भिंड में अतिक्रमण पर सीएमओ की सख्ती, सदर बाजार का औचक निरीक्षण

भिंड कलेक्टर के निर्देशों के बाद नगर पालिका सीएमओ ने सदर बाजार का औचक निरीक्षण कर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने...

Few hours ago
2 मिनट में पढ़ें
संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
भिंड में अतिक्रमण पर सीएमओ की सख्ती, सदर बाजार का औचक निरीक्षण

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे

द क्लिफ न्यूज़ | 22 सितंबर 2026

भिंड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा द्वारा शहर की सफाई और सुव्यवस्थित व्यवस्था को लेकर दिए गए कड़े निर्देशों के अनुपालन में, नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) वीरेंद्र चक्रवर्ती ने मंगलवार की सुबह शहर का औचक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सदर बाजार का निरीक्षण कर अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी और शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती सीधे सदर बाजार पहुंचे, जहाँ दुकानों के बाहर सड़क तक फैले अतिक्रमण को देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सदर बाजार स्थित बाबा पंसारी की दुकान के सामने सड़क पर रखे व्यावसायिक सामान को हटवाया और दुकानदार को भविष्य के लिए सख्त हिदायत दी। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा दुकान का सामान निर्धारित सीमा, यानी शटर के बाहर पाया गया, तो बिना किसी पूर्व सूचना के न केवल सामग्री जब्त की जाएगी, बल्कि नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

सफाई व्यवस्था पर कड़े निर्देश

सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती ने सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका के दरोगा और सफाई कर्मचारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सुबह समय से झाड़ू लगाना और कचरा उठाना अनिवार्य है। कलेक्टर के स्पष्ट निर्देशों का हवाला देते हुए उन्होंने दोहराया कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारी के अचानक बाजार में पहुंचने और अतिक्रमणकारियों को सीधे चेतावनी देने की खबर से सदर बाजार और आसपास के अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों का सामान नाली या सड़क पर न रखें। प्रशासन का मानना है कि अतिक्रमण हटने से आम जनता को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिलेगी और शहर की व्यवस्था में सुधार होगा। यह औचक निरीक्षण भिंड शहर के सौंदर्यीकरण और सुगम यातायात के प्रयासों का हिस्सा है।