BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

भिंड: मसूरी में नकली मावा फैक्ट्री पकड़ी, डेयरी संचालक का लाइसेंस निलंबित

भिंड जिले के मसूरी गांव में खाद्य सुरक्षा विभाग ने रिफाइंड तेल और वनस्पति से बने मिलावटी मावा की फैक्ट्री पकड़ी। एक क्विंटल मावा जब्त...

Few hours ago
2 मिनट में पढ़ें
•संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
भिंड: मसूरी में नकली मावा फैक्ट्री पकड़ी, डेयरी संचालक का लाइसेंस निलंबित

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे

द क्लिफ न्यूज़ | 2 नवंबर 2026

भिंड जिले में कलेक्टर पवन कुमार जैन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावटखोरी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। तहसील क्षेत्र के ग्राम मसूरी में एक डेयरी में रिफाइंड पामोलिन तेल और वनस्पति के मिश्रण से मिलावटी मावा तैयार किया जा रहा था। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने मौके से एक क्विंटल मिलावटी मावा और लगभग 30 किलोग्राम तेल-वनस्पति मिश्रण जब्त किया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी ने बताया कि मौके पर रैपिड किट से जांच करने पर मावा मिलावटी पाया गया। इसके बाद, तत्काल प्रभाव से डेयरी संचालक संदीप सिंह भदौरिया का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। जब्त किए गए मिलावटी मावा को सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड स्टोरेज में भिजवा दिया गया है।

शहर की अन्य डेयरियों से भी लिए गए नमूने

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इस अभियान को जिले के शहरी क्षेत्रों में भी विस्तारित किया। गौरी रोड स्थित विनोद डेयरी और किरार कॉलोनी की अनुराधा डेयरी का निरीक्षण किया गया। यहां से पनीर, दूध, घी और सप्रेटा दही सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी के साथ किरन सेंगर, रीना बंसल और लैब केमिस्ट आरती शिवहरे भी शामिल थीं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले व्यापारियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की चेतावनी और नागरिकों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मिलावटखोरी के खिलाफ इस मुहिम को जारी रखने की बात कहते हुए विभाग ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। संदिग्ध गतिविधियों या मिलावट की सूचना समय रहते अधिकारियों तक पहुंचाने का आग्रह किया गया है, ताकि ऐसे मिलावटखोरों पर प्रभावी ढंग से नकेल कसी जा सके। विभाग निरंतर निरीक्षण जारी रखने की बात कही है।

संबंधित समाचार