वरिष्ठ पत्रकार स्व. हीरालाल जैन की 38वीं पुण्यतिथि पर होंगे सामाजिक एवं धार्मिक आयोजन
शासकीय बालिका छात्रावास में बालिकाओं को भेंट एवं वरिष्ठजनों का होगा सम्मान, जैन मंदिर में प्रज्ज्वलित होंगे 48 दीपक

द क्लिफ़ न्यूज़, करेली
नगर के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी स्व. हीरालाल जैन की 38वीं पुण्यतिथि पर शनिवार, 31 अक्टूबर को विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। करेली प्रेस परिषद एवं वैश्य महासम्मेलन की तहसील इकाई करेली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से स्व. जैन के पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में दिए गए योगदान का स्मरण किया जाएगा।
आयोजन के अंतर्गत स्थानीय जयप्रकाश वार्ड स्थित शासकीय बालिका छात्रावास में अपराह्न चार बजे अध्ययनरत बालिकाओं को सम्मानस्वरूप भेंट प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर वरिष्ठजनों के सम्मान का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात दिगम्बर जैन मंदिर में भक्तामर पाठ के साथ 48 दीपकों का प्रज्ज्वलन कर स्व. जैन को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पत्रकार सतीश जैन एवं शिखरचंद जैन के पिता तथा अमित जैन और संजय के नाना स्व. हीरालाल जैन नगर के पत्रकारिता जगत के प्रमुख स्तंभों में गिने जाते थे। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ दिगम्बर जैन समाज के उत्थान और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। उनका संपूर्ण जीवन पत्रकारिता, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा।
आयोजकों ने नगर के समस्त नागरिकों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं गणमान्यजनों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर स्व. हीरालाल जैन की पुण्यस्मृति को नमन करने का आग्रह किया है।
