BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
Regional

बगदूंन तालाब पर जलेगा आशीर्वाद का दिया, स्वच्छता का संकल्प होगा मजबूत

CMO आरती गरवाल ने बगदूंन तालाब का निरीक्षण कर तैयारियों को परखा

Few hours ago
3 min read
बगदूंन तालाब पर जलेगा आशीर्वाद का दिया, स्वच्छता का संकल्प होगा मजबूत

सफाई, रोशनी और सौंदर्यीकरण की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश।

 

 ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में नागरिकों से सहभागिता की अपील।

 

द क्लिफ़ न्यूज़, पीथमपुर

 

सेवा संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आरती गरवाल ने वार्ड क्रमांक 28 स्थित बगदूंन तालाब का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगामी शाम 7 बजे आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने आयोजन स्थल पर सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाब परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरा एवं गंदगी को हटाया जाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए स्वच्छता व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा आयोजन के दौरान भी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

उन्होंने आयोजन स्थल पर प्रकाश व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। शाम के समय कार्यक्रम होने के कारण पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जहां आवश्यक हो वहां अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही तालाब परिसर के सौंदर्यीकरण और कार्यक्रम स्थल को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

श्रीमती गरवाल ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं का पुनः निरीक्षण कर लिया जाए, ताकि आयोजन के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री सुश्री मीरा कन्नौज, उपयंत्री श्री सुधीर ठाकुर, श्री वीरेंद्र अलावा, श्री हिमांशु सिंह, श्रीमती दिव्या सोलंकी, स्वच्छता निरीक्षक श्री रूपेश कुमार सूर्या, श्री प्रेम कुमार चौहान, टीम डिवाइन से श्री आशीष द्विवेदी, वार्ड दरोगा श्री अनिल गोसर सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आरती गरवाल ने पीथमपुर के नागरिकों से सेवा संकल्प और स्वच्छता ही सेवा अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर नगर बनाने में प्रशासन के साथ नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से आगामी शाम 7 बजे बगदूंन तालाब पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में सहभागिता करने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करने का आग्रह किया।