यू-विन और ई-विन पोर्टल से नियमित टीकाकरण को मिलेगी नई गति, एचपीवी पर विशेष ध्यान
फर्रुखाबाद में नियमित टीकाकरण को प्रभावी बनाने के लिए यू-विन और ई-विन पोर्टल के संचालन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित हुआ। एचपीवी वैक्सीनेशन पर भी विशेष फोकस रहेगा।

द क्लिफ न्यूज़ | फर्रुखाबाद | 2 अगस्त 2026
जनपद फर्रुखाबाद में नियमित टीकाकरण कार्यक्रमों को और अधिक सुदृढ़ एवं शत-प्रतिशत प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आनंद उपाध्याय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण एक दिवसीय अभिमुखीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में यू-विन (U-WIN) एवं ई-विन (eVIN) पोर्टल के प्रभावी संचालन, टीकाकरण संबंधी रिपोर्टिंग की गुणवत्ता और संपूर्ण कार्यक्रम की समीक्षा पर बल दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पण के साथ हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे यू-विन और ई-विन पोर्टल की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने शत-प्रतिशत लाभार्थियों के समयबद्ध पंजीकरण और टीकाकरण की ऑनलाइन रिपोर्टिंग को अनिवार्य बताया। डॉ. उपाध्याय ने इस बात पर जोर दिया कि नियमित प्रतिरक्षण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक पात्र बच्चे तक समय पर सभी आवश्यक टीके पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन टीकों से बच्चों को डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, पोलियो, हेपेटाइटिस-बी, खसरा-रूबेला सहित 12 जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान की जाती है।
एचपीवी टीकाकरण पर विशेष ज़ोर
डॉ. आनंद उपाध्याय ने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का एचपीवी (HPV) वैक्सीन से टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए एक प्रभावी माध्यम है और इसे स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
पोर्टल संचालन और रिपोर्टिंग में सुधार
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एसीएमओ (डीआईओ) डॉ. सर्वेश यादव ने किया। उन्होंने यू-विन और ई-विन पोर्टल पर लाभार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया, वैक्सीन स्टॉक के प्रबंधन, कोल्ड चेन की व्यवस्था बनाए रखने, ऑनलाइन रिपोर्टिंग और डेटा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने जैसे तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। डॉ. यादव ने सभी नोडल अधिकारियों से आह्वान किया कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी निष्ठा और कुशलता से कार्य करें ताकि टीकाकरण कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के समस्त यू-विन एवं ई-विन नोडल अधिकारी तथा प्रतिरक्षण कार्यक्रम से जुड़े अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
