योग साधकों का सम्मान: गुरु पूर्णिमा पर विश्व कीर्तिमान अभिनंदन समारोह संपन्न
इंदौर में हरिओम योग केंद्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की सफलता, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में विश्व कीर्तिमान और गुरु पूर्णिमा उत्सव के उपलक्ष्य में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।

द क्लिफ न्यूज़ | इंदौर | 4 अगस्त 2026
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में विश्व कीर्तिमान स्थापित करने और गुरु पूर्णिमा उत्सव के उपलक्ष्य में हरिओम योग केंद्र चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा इंदौर में एक गरिमापूर्ण सम्मान एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। चोइथराम नेत्रालय, श्रीराम तलावली, धार रोड स्थित सभागार में संपन्न इस कार्यक्रम में योग साधकों और सहयोगियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव थे, जबकि राघवेंद्र शर्मा ने समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर अनिमेष भार्गव, ओमानंद गुरुजी, चेतना जोशी, डॉ. संध्या चौकसे, डॉ. प्रमोद नीमा, डॉ. लोकेश जोशी, गोपाल गोयल, किशोर गोयल, बृजेश गुप्ता, डॉ. अंतिम जैन, रिंकू पोरवाल, हरीश डागुर, डॉ. प्रमोद नंदवाल, डॉ. निर्मल महाजन, डॉ. आर.के. बाजपेयी, ओमप्रकाश जायसवाल, हेतराम चौकसे, मनोज वर्मा तथा योग मित्र अभियान के संयोजक राकेश चौधरी सहित विभिन्न योग संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
योग के प्रसार पर दिया गया जोर
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, गुरु वंदना एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में विश्व कीर्तिमान स्थापित करने में अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले सभी योगाचार्यों, योग साधकों और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की एक जीवनशैली है। अतिथियों ने समाज में योग के व्यापक प्रसार, जनजागरण, सामाजिक समरसता और स्वस्थ भारत के निर्माण में योग की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। साथ ही, सभी योग साधकों के अथक प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की गई।
सामूहिक सहयोग का प्रेरक उदाहरण
कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन अश्विनी वर्मा ने प्रस्तुत किया, जबकि के.सी. जैन ने संचालन की भूमिका निभाई। समारोह के अंत में प्रेम कुमार दुआ ने सभी का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने इस समारोह को विभिन्न योग संस्थाओं, योगाचार्यों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों के सामूहिक सहयोग, समर्पण और सेवा-भाव का एक प्रेरक उदाहरण बताया। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजन समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को इसके अभ्यास के लिए प्रेरित करने में सहायक होते हैं।
