‘श्री रामायण कथा’ के कलाकारों ने रायपुर-भिलाई में किया प्रचार, 25 को रिलीज
बॉलीवुड के कलाकारों ने रायपुर और भिलाई में आगामी धार्मिक फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का प्रमोशन किया। 25 सितंबर से यह फिल्म हिंदी और छत्तीसगढ़ी में रिलीज हो रही है।

द क्लिफ न्यूज़ | 24 सितंबर 2026
एजे फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित और अभिषेक सिंह द्वारा निर्देशित बहुप्रतीक्षित धार्मिक फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के प्रचार के लिए फिल्म की टीम ने रायपुर और भिलाई का दौरा किया। इस दौरान कलाकारों ने शहरवासियों, विशेषकर युवाओं से संवाद साधा और फिल्म के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यह फिल्म 25 सितंबर से पूरे देश में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, और खास बात यह है कि यह हिंदी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी प्रदर्शित की जाएगी।
फिल्म के मुख्य कलाकार रायपुर के अंजनेय यूनिवर्सिटी मॉल और भिलाई के संजय रुंगटा कॉलेज, सूर्या मॉल, सेक्टर 9 हनुमान मंदिर व खुर्सीपार गणेश पंडाल में लोगों से मुखातिब हुए। रुंगटा इंस्टीट्यूट कॉलेज में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में फिल्म के निर्माता-निर्देशक और कलाकारों ने फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को उनके करियर, जीवन की चुनौतियों और महत्वपूर्ण मूल्यों पर भी अपने विचार व्यक्त किए। कलाकारों ने इस बात पर जोर दिया कि चुनौतियों से घबराकर पीछे हटने के बजाय धैर्य रखना और स्वयं पर अटूट विश्वास बनाए रखना ही सफलता की कुंजी है।
फिल्म के प्रमुख किरदार और उनकी भूमिकाएं
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ में भगवान राम का किरदार देव शर्मा ने निभाया है, जबकि सीता की भूमिका में अंजलि अरोड़ा और लक्ष्मण के रूप में शील वर्मा नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक अभिषेक सिंह ने किया है, और इसके निर्माता प्रकाश महोबिया तथा संजय बुंदेला हैं। रावण के किरदार में रजनीश दुग्गल, हनुमान के रूप में निर्भय वाधवान, और विभीषण के पात्र को नीरज उइके ने जीवंत किया है। इसके अतिरिक्त, शमशीर सीवानी सुसेन वैद्य, राजनिश झांजी परशुराम जी, विक्रम राज राजा दशरथ, जयराम भगवानी ऋषि वशिष्ठ, तनु प्रधान सुपर्णखा, मनीषा वर्मा अहिल्या, संगीता निषाद सुमित्रा, धर्मेन्द्र चौबे राजा जनक, गोकुल वर्मा जामवंत, भू नेश साहू मेघनाद और आनिरुद् ताम्र कारने जटायु की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म के मुख्य सहायक निर्देशक प्रेम चोपड़ा हैं।
छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर हुई शूटिंग
फिल्म के कलाकारों ने बताया कि ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ की शूटिंग छत्तीसगढ़ के कई खूबसूरत और ऐतिहासिक स्थानों पर की गई है। इनमें भिलाई का सिविक सेंटर, दुर्ग, रायपुर, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकूट जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं। इन स्थानों की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व ने फिल्म की कथा को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद की है।
'सीता' अंजलि अरोड़ा ने साझा किए अनुभव और सफलता के मंत्र
फिल्म में सीता का किरदार निभाने वाली अंजलि अरोड़ा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सीता केवल त्याग की प्रतीक नहीं, बल्कि शक्ति, धैर्य और संघर्ष की भी प्रतिमूर्ति हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की फिल्में युवाओं को अपने धर्म और प्राचीन इतिहास को एक नए दृष्टिकोण से समझने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने युवाओं को जीवन में जल्दबाजी न करने, बल्कि धैर्य के साथ काम करने की सलाह दी। अपने इंजीनियरिंग छात्र जीवन का अनुभव साझा करते हुए 25 वर्षीय अंजलि ने बताया कि किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय या सफलता के लिए धैर्य अत्यंत आवश्यक है। ट्रोलिंग के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि आलोचना हर क्षेत्र में होती है, और युवाओं को नकारात्मक टिप्पणियों से विचलित होने के बजाय उनमें छिपे सकारात्मक पहलुओं को ग्रहण करना चाहिए। उन्होंने परिवार के समर्थन के महत्व पर भी प्रकाश डाला, जिससे नकारात्मकता का प्रभाव कम हो जाता है। अंजलि ने यह भी व्यक्त किया कि वह अपने काम के दम पर फिल्म उद्योग में अपनी एक अलग पहचान बनाना चाहती हैं, ताकि बड़े फिल्मकार उन्हें अपनी फिल्मों के लिए स्वयं चुनें।
देव शर्मा: 'मुझे राम ने नहीं, राम ने मुझे चुना'
भगवान राम की भूमिका निभाने वाले देव शर्मा ने छत्तीसगढ़ की धरती पर इस पवित्र किरदार को निभाने को एक विशेष अनुभव बताया। पंजाब में जन्मे और दिल्ली-मुंबई में पले-बढ़े देव शर्मा ने कहा, “मैंने यह फिल्म साइन नहीं की, बल्कि मुझे ऐसा महसूस हुआ कि स्वयं प्रभु राम ने मुझे इस भूमिका के लिए चुना है।” उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर राम और रावण दोनों तरह की प्रवृत्तियां विद्यमान होती हैं; यह हम पर निर्भर करता है कि हम किसे चुनते हैं। उन्होंने युवाओं को सत्य और मर्यादा के मार्ग पर चलने तथा अपने भीतर सकारात्मकता को पोषित करने की अपील की।
लक्ष्मण बने शील वर्मा: 'हुनर को पहचानें, मेहनत करें'
लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले शील वर्मा का संबंध छत्तीसगढ़ के दुर्ग क्षेत्र से है। उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग के तीसरे सेमेस्टर में पढ़ाई के दौरान उन्हें अभिनय के प्रति गहरी रुचि महसूस हुई। इसी जुनून के चलते उन्होंने अभिनय के अवसर तलाशे और मुंबई तक का सफर तय किया। उन्होंने कई टेलीविजन धारावाहिकों और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में भी काम किया है। शील वर्मा ने युवाओं को सलाह दी कि वे अपने भीतर छिपे हुनर और रुचियों को पहचानें, पूरी लगन से मेहनत करें और किसी भी चुनौती से पीछे न हटें।
फिल्म में छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं, जिनमें रजनीश झांझी, ललित उपाध्याय, धर्मेंद्र चौबे, नकुल मलवार, नीरज उइके, शमशीर सीवानी, संजू साहू, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, मन थरा, सीमा सिंह, विक्रम राज, जयराम भगवानी, तनु प्रधान, मनीषा वर्मा, संगीता निषाद, धर्मेन्द्र चौबे, गोकुल वर्मा, भू नेश साहू, आनिरुद् ताम्र कारने शामिल हैं।
