शास्त्री कॉलोनी में जलभराव: सीएमओ ने किया निरीक्षण, स्थायी ड्रेनेज के निर्देश
भिंड के शास्त्री कॉलोनी में जलभराव की समस्या पर सीएमओ ने औचक निरीक्षण किया। नालियों पर अतिक्रमण हटाने व स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था बनाने के निर्देश...

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बोहरे
द क्लिफ न्यूज़ | भिंड | 13 सितंबर 2026
भिंड के वार्ड क्रमांक 9 स्थित शास्त्री कॉलोनी में लगातार जलभराव की समस्या से जूझ रहे नागरिकों की शिकायतों पर नगर पालिका मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वीरेंद्र चक्रवर्ती ने गंभीरता दिखाई है। कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना के निर्देशानुसार, सीएमओ ने सहायक यंत्री प्रदीप भदौरिया के साथ रविवार को कॉलोनी का औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नई ड्रेनेज व्यवस्था तैयार करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ चक्रवर्ती ने पाया कि शास्त्री कॉलोनी में एक प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम का अभाव जलभराव की मूल वजह है। कई स्थानीय निवासियों ने अपनी सुविधा के लिए नालियों के ऊपर पक्की सीढ़ियां और रैंप का निर्माण कर लिया है, जिससे घरों से निकलने वाले पानी का प्राकृतिक बहाव पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इस स्थिति से नाराज सीएमओ ने मौके पर मौजूद अमले को तत्काल रुके हुए पानी की निकासी सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने सहायक यंत्री प्रदीप भदौरिया को जल्द से जल्द शास्त्री कॉलोनी के लिए एक स्थायी ड्रेनेज सिस्टम का विस्तृत खाका तैयार करने को कहा है।
अवैध गड्ढा खोदने पर सख्त चेतावनी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की नजर कॉलोनी के मुख्य तिराहे पर एक आम रास्ते पर खोदे गए बड़े गड्ढे पर पड़ी। यह गड्ढा राजेश कुमार शर्मा नामक व्यक्ति द्वारा ट्यूबवेल खनन के लिए बिना नगर पालिका की अनुमति के खोदा गया था, जिसके कारण आवागमन बाधित हो रहा था। सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती ने इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित व्यक्ति को दो दिन की मोहलत दी है कि वह गड्ढे को भरकर रास्ता पुनः सुचारू करे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी किसी भी कार्रवाई पर सख्त दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों को स्थायी समाधान का भरोसा
स्थानीय नागरिकों ने अधिकारियों द्वारा इस गंभीर समस्या पर त्वरित संज्ञान लेने पर संतोष व्यक्त किया है। सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती ने आश्वस्त किया कि वार्डवासियों की समस्या का शीघ्र ही स्थायी समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने दोहराया कि नालियों पर हुए अतिक्रमणों को हर हाल में हटाया जाएगा और सार्वजनिक रास्तों को अवरुद्ध करने वालों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।
