पूर्व मंत्री ने बड़कुआ स्कूल-आंगनबाड़ी में अव्यवस्था पर जताई चिंता, दिए निर्देश
बड़कुआ के शासकीय स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र में सुविधाओं का अभाव देख पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने अफसरों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

द क्लिफ न्यूज़ | सागर | 24 अगस्त 2026
मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने सोमवार को नरयावली विधानसभा क्षेत्र के बड़कुआ गांव स्थित एकीकृत शासकीय प्राथमिक व माध्यमिक शाला और आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक एक का निरीक्षण कर वहां की अव्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुविधाओं की कमी और व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री चौधरी ने पाया कि विद्यालय में कक्षाओं की कमी है और पेयजल की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा, खेल के मैदान में पत्थर और मलबा पड़ा हुआ है, जो बच्चों के लिए असुरक्षित है। इसी तरह, आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक एक में भी शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव नजर आया। स्थानीय लोगों ने भी बच्चों को हो रही परेशानियों के बारे में पूर्व मंत्री को अवगत कराया।
स्कूल और आंगनबाड़ी में तत्काल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों की दूरभाष पर हुई चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री चौधरी ने संबंधित अधिकारियों से विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में शीघ्र ही आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने खेल के मैदान से पत्थर और मलबा हटाकर उसे बच्चों के उपयोग योग्य बनाने के निर्देश भी दिए।
श्री चौधरी ने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान पूर्व मंत्री श्री चौधरी के साथ कोमल सिंह लोधी, हरगोविंद कुर्मी, मोती लाल कुर्मी, इंजी. सत्यम सिंह आदि मौजूद रहे।
