पुरानी रंजिश में युवक पर फायरिंग का आरोपी बस्ती से गिरफ्तार
गोण्डा पुलिस ने मसकनवा-गौरा मार्ग पर भोला पाण्डेय पर जानलेवा फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी विशाल वर्मा को बस्ती से गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों...

गोण्डा | संवाददाता: बी पी त्रिपाठी
द क्लिफ न्यूज़ | गोण्डा | 21 नवंबर 2026
गोण्डा जिले में पुरानी रंजिश के चलते हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। छपिया पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी विशाल वर्मा को बस्ती जिले से गिरफ्तार किया है। घटना 11 अक्टूबर 2026 की रात मसकनवा-गौरा मार्ग पर हुई थी, जिसमें भोला पाण्डेय नामक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था।
यह घटनावलंबपुर गांव के पास हुई, जहाँ भोला पाण्डेय अपने भांजे सूरज मिश्रा और शिवम पाण्डेय के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान चार पहिया वाहन से पहुंचे अभिषेक राणा, विशाल वर्मा और उनके अन्य साथियों ने उनका रास्ता रोका और पुरानी रंजिश के चलते विवाद शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अभिषेक राणा ने तमंचे से भोला पाण्डेय पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। भोला पाण्डेय के दाहिने हाथ की अंगुली और पीठ में गोली लगी थी।
आरोपी विशाल वर्मा की गिरफ्तारी
इस जानलेवा हमले के बाद छपिया पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक अभिनव भरत सिंह और अक्षय कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बस्ती जिले के छावनी क्षेत्र में स्थित टोल बूथ के पास घेराबंदी कर आरोपी विशाल वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ छपिया थाने में पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस ने उसे विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिसिया टीम में हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार और कांस्टेबल अवनीश यादव व दीपक यादव भी शामिल थे। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार चल रहे मुख्य आरोपी अभिषेक राणा समेत अन्य साथियों की तलाश के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। आशंका है कि अन्य आरोपी भी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होंगे। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे के अन्य कारणों का पता लगाया जा सके।
