MP पुलिस की बड़ी भर्ती: 5 महीने में 97 पदों पर चयन, परिणाम घोषित
मध्यप्रदेश में राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशालाओं के लिए 97 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। प्रयोगशाला तकनीशियन, सहायक और परिचारक पदों के लिए महज 5 महीने में भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई।

द क्लिफ न्यूज़ | भोपाल | 6 अगस्त 2026
मध्यप्रदेश राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला में प्रयोगशाला तकनीशियन, प्रयोगशाला सहायक और प्रयोगशाला परिचारक के 97 पदों पर भर्ती प्रक्रिया का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है। एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर जारी इस परिणाम के साथ ही मात्र पांच महीने में भर्ती प्रक्रिया पूरी होने का एक उल्लेखनीय उदाहरण स्थापित हुआ है।
प्रदेश के पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस भर्ती के लिए शासन ने 13 जनवरी 2026 को स्वीकृति दी थी, जिसके उपरांत 10 मार्च 2026 को विज्ञापन जारी किया गया था। भर्ती प्रक्रिया को अत्यंत तीव्र गति से संपन्न कराने के उद्देश्य से चयन समिति ने 14 और 15 जून 2026 को शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय, जहांगीराबाद, भोपाल में तीन पालियों में लिखित परीक्षा का आयोजन किया था। परीक्षा और अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं के समापन के उपरांत, 5 अगस्त 2026 को अंतिम चयन सूची जारी की गई।
97 चयनित अभ्यर्थियों का विवरण
अंतिम चयन सूची के अनुसार, प्रयोगशाला तकनीशियन (Lab Technician) के कुल 19 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है। वहीं, प्रयोगशाला सहायक (Lab Assistant) के पद पर 28 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। सबसे अधिक, प्रयोगशाला परिचारक (Lab Attendant) के पद पर 50 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिससे कुल चयनित अभ्यर्थियों की संख्या 97 हो जाती है। अभ्यर्थी अपना परिणाम एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर देख सकते हैं।
यह भर्ती प्रक्रिया मध्यप्रदेश की न्यायलयिक विज्ञान प्रयोगशालाओं के लिए प्रशिक्षित और दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। माना जा रहा है कि इन नए चयनित कर्मचारियों के आने से वैज्ञानिक साक्ष्य परीक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा, जिससे अपराध अनुसंधान की गति तेज होगी और न्यायिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सकेगी।
नियुक्ति की प्रक्रिया
चयनित अभ्यर्थियों को नियमानुसार दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नियुक्ति प्रदान की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियुक्ति और दस्तावेज सत्यापन संबंधी आगामी सूचनाओं के लिए एमपी ऑनलाइन और मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा जारी अधिकृत निर्देशों का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
