कस्बा मढ़ी में चंदन सिंह अहिरवार 192 मतों से जीते, बने नए सरपंच
गुना जिले की कस्बा मढ़ी ग्राम पंचायत में हुए उप-निर्वाचन में चंदन सिंह अहिरवार ने 732 मत पाकर जीत दर्ज की। उन्होंने 192 वोटों के...

गुना | संवाददाता: राजा हतम वेग
द क्लिफ न्यूज़ | गुना | 4 अक्टूबर 2026
गुना जिले की आरोन जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कस्बा मढ़ी में सरपंच पद के लिए हुए त्रिस्तरीय पंचायत उप-निर्वाचन 2026 के परिणाम शनिवार को घोषित किए गए। इस मतगणना में चंदन सिंह अहिरवार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 192 वोटों के अंतर से शिकस्त देकर सरपंच पद पर जीत हासिल की।
एसडीएम आरोन मंजूषा खत्री के मार्गदर्शन में शनिवार सुबह से शुरू हुई मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सरपंच पद के लिए कुल 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। तीन मतदान केंद्रों पर पड़े कुल 1385 मतों की गणना के बाद चंदन सिंह अहिरवार को सर्वाधिक 732 वोट प्राप्त हुए, जिसके आधार पर उन्हें विजयी घोषित किया गया।
कस्बा मढ़ी पंचायत के इतिहास में यह पहली बार था जब सरपंच चुनाव के लिए 29 सितंबर को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिए मतदान कराया गया था। इस बार ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 71.17 फीसदी मतदान दर्ज कराया था।
परिणामों की आधिकारिक घोषणा के पश्चात रिटर्निंग अधिकारी धीरेंद्र गुप्ता ने नवनिर्वाचित सरपंच चंदन सिंह अहिरवार को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी कृष्णकांत चौबे, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अमित जैन और जनपद सीईओ गौरव यादव भी मौजूद रहे। मतगणना स्थल पर निर्वाचन अमला, प्रत्याशी, उनके एजेंट और सुरक्षा बल तैनात थे।
जीत की खबर मिलते ही चंदन सिंह अहिरवार के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने नए सरपंच का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। स्थानीय प्रशासन द्वारा मतगणना के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।
