गुना: करोड़ों की चोरी का खुलासा जल्द, मीना समाज ने सौंपा ज्ञापन
गुना के चक चुरैला में बाबूलाल मीना के घर से 250 किलो की तिजोरी चोरी होने के मामले में मीना समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र खुलासे की मांग की है।

द क्लिफ न्यूज़ | गुना | 4 अगस्त 2026
मध्यप्रदेश के गुना जिले में फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरैला में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले को लेकर मंगलवार को मध्यप्रदेश मीना समाज सेवा संगठन के नेतृत्व में समाज के लोगों और पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल को एक ज्ञापन सौंपा। समाज ने मामले में शीघ्र खुलासा, चोरी गया पूरा माल बरामद करने तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक चोरी गया करोड़ों रुपये का माल बरामद नहीं हो सका है। इससे पीड़ित परिवार के साथ-साथ पूरे समाज में चिंता और आक्रोश का माहौल है। समाज के लोगों ने कहा कि इतनी बड़ी वारदात का जल्द खुलासा होना चाहिए, ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास बना रहे।
तिजोरी में रखे थे लाखों के जेवर और नकदी
गौरतलब है कि फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरैला में बाबूलाल मीना के मकान में रात के समय बदमाशों ने खिड़की की ग्रिल निकालकर प्रवेश किया था। इसके बाद मुख्य द्वार खोलकर गिरोह के अन्य सदस्य भी घर में घुस गए। बदमाशों ने दूसरी मंजिल पर रखी करीब 250 किलो वजनी तिजोरी को नीचे उतारकर अपने साथ ले गए। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि तिजोरी में लगभग ढाई किलो सोना, 6 किलो चांदी तथा करीब 11.50 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। इनमें करीब 6 लाख रुपये मंदिर निर्माण के लिए सुरक्षित रखे गए थे। वारदात के दौरान बदमाशों ने घर के सदस्यों के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी थी, जिससे किसी को भनक नहीं लग सकी।
पुलिस ने पारदी गिरोह पर जताया संदेह
पुलिस जांच में वारदात की शैली के आधार पर पारदी गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई गई है। पुलिस ने संदिग्धों को चिन्हित कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं मीना समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो समाज आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा।
एसपी ने शीघ्र खुलासे का दिया आश्वासन
मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने प्रतिनिधिमंडल को अपने कार्यालय में बुलाकर मामले पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया जाएगा। एसपी के आश्वासन के बाद समाज के लोगों ने शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है।
