BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
State

एसडीईआरएफ के 44 जवान आपदा राहत के लिए तैयार, प्रशिक्षण संपन्न

मध्यप्रदेश में 90 दिवसीय बेसिक प्रशिक्षण के बाद एसडीईआरएफ के 44 जवानों को आपदा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रशिक्षित किया गया है।

Few hours ago
2 मिनट में पढ़ें
एसडीईआरएफ के 44 जवान आपदा राहत के लिए तैयार, प्रशिक्षण संपन्न

द क्लिफ न्यूज़ | भोपाल | 5 अगस्त 2026

मध्यप्रदेश पुलिस के राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) में प्रतिनियुक्त 44 जवानों ने अपना 90 दिवसीय बेसिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। ये जवान अब प्रदेश में प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार हैं। इस प्रशिक्षण के समापन पर आयोजित समारोह में महानिदेशक श्रीमती प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन जवानों को शील्ड देकर सम्मानित किया।

महानिदेशक श्रीमती प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने एसडीईआरएफ को मध्यप्रदेश की एक अत्यंत महत्वपूर्ण इकाई बताया, जो आपदाओं के समय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में त्वरित और प्रभावी राहत-बचाव कार्य करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से जवानों की कार्यकुशलता, तकनीकी दक्षता और आपदा प्रतिक्रिया क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे वे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जनसेवा कर सकेंगे। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अर्जित ज्ञान और कौशल का पूर्ण समर्पण तथा संवेदनशीलता के साथ जनहित में उपयोग करने का आह्वान किया।

विशेषज्ञतापूर्ण आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण

इस 90 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान 44 जवानों को आपदा प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर सैद्धांतिक और व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया। इसमें बाढ़ आपदा प्रबंधन, ध्वस्त संरचनाओं में खोज एवं बचाव (Collapsed Structure Search & Rescue), प्राथमिक उपचार (First Aid) और सीबीआरएन (Chemical, Biological, Radiological and Nuclear) आपदाओं में बचाव एवं प्रतिक्रिया जैसी विशेषीकृत तकनीकों का प्रशिक्षण शामिल था।

राष्ट्रसेवा की प्रेरणा

प्रशिक्षण की एक विशेष उपलब्धि भिंड जिले में आपदा राहत कार्य के दौरान शहीद हुए एसडीईआरएफ जवान की धर्मपत्नी श्रीमती डॉली कुशवाह की सहभागिता रही। उन्होंने प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण कर सेवा, साहस और समर्पण की एक प्रेरणादायी मिसाल पेश की है। उनका यह संकल्प राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट निष्ठा और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत, इन जवानों को शासन के प्रचलित प्रावधानों के अनुसार 50 प्रतिशत जोखिम भत्ता (Risk Allowance) भी प्रदान किया जाएगा।

समारोह में उप पुलिस महानिरीक्षक श्री अमित सांधी, संभागीय सेनानी श्रीमती संगीता डी. कुमार, श्री कमलेंद्र परिहार सहित एसडीईआरएफ के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।