BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

भोपाल मंडल में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन, डीआरएम ने फहराया तिरंगा

भोपाल मंडल ने 80वें स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रध्वज की शान और देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया। मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर सलामी दी।

Few hours ago
3 मिनट में पढ़ें
भोपाल मंडल में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन, डीआरएम ने फहराया तिरंगा

द क्लिफ न्यूज़ | भोपाल | 15 अगस्त 2026

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में राष्ट्रध्वज की शान और देशभक्ति के उत्साह के साथ एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, हबीबगंज के परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में श्री त्यागी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके उपरांत राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो गया। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी हुआ। रेलवे सुरक्षा बल एवं विभिन्न दलों की अनुशासित और आकर्षक परेड ने समारोह में विशेष गरिमा और उत्साह का संचार किया।

महाप्रबंधक का संदेश और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन

इस विशेष दिवस पर पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक महोदय के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन मंडल रेल प्रबंधक द्वारा किया गया। संदेश में राष्ट्र निर्माण में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका, रेल कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, यात्रियों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और बेहतर रेल सेवाओं के प्रदाता के रूप में रेलवे की भूमिका को रेखांकित किया गया।

परेड द्वारा सलामी एवं मार्च-पास्ट के पश्चात, देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों में राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह का संचार किया।

अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अभिराम खरे और श्री योगेन्द्र बघेल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विजय सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ अभिषेक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक और अध्यक्ष, मंडल कल्याण संगठन ने तिरंगे रंग के गुब्बारों को खुले आसमान में छोड़ा, जो स्वतंत्रता, आशा, एकता और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बने।

अन्य स्थानों पर भी आयोजित हुए कार्यक्रम

मुख्य समारोह के पश्चात, रेल संस्थान, भोपाल में भी ध्वजारोहण और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त, वोट क्लब, भोपाल में रेलवे इंजन पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसने रेल परिवार की राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को अभिव्यक्त किया।

पूर्व संध्या पर की गई विद्युत सजावट

उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भोपाल मंडल कार्यालय, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और भोपाल रेलवे स्टेशन को आकर्षक तिरंगा रंगों की विद्युत सजावट से जगमगाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे ये रेलवे परिसर यात्रियों और आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र बने, जिससे स्वतंत्रता दिवस के उल्लास को और अधिक जीवंत किया गया।

भोपाल मंडल द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्र के प्रति समर्पण, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और भारतीय रेल की सेवा भावना का संदेश दिया गया।