भिंड: शास्त्री नगर में जुआ अड्डा ध्वस्त, 30 जुआरियों के पास से ₹4.52 लाख बरामद
भिंड के शास्त्री नगर स्थित एक मकान में पुलिस ने छापेमारी कर 30 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ₹4,52,400...

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
द क्लिफ न्यूज़ | 4 अक्टूबर 2026
भिंड जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देहात पुलिस को शनिवार शाम एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने शास्त्री नगर के बी-ब्लॉक स्थित एक मकान में दबिश देकर जुए के एक बड़े फड़ का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे 30 लोगों को पुलिस ने मौके से रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन में यह छापामार कार्रवाई की गई। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत ने अपनी टीम के साथ तत्काल कार्रवाई की। मुखबिर ने पुलिस को सूचित किया था कि उक्त स्थान पर बड़ी मात्रा में नकदी के साथ हार-जीत का खेल चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मकान की घेराबंदी कर अचानक दबिश दी, जिससे वहां मौजूद जुआरियों में हड़कंप मच गया।
जुआ फड़ से भारी नकदी बरामद
छापेमारी के दौरान, पुलिस ने मौके से 4,52,400 रुपये की नकद राशि और ताश की चार गड्डियां बरामद की हैं। जुआरियों को भागने का मौका नहीं मिला और सभी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी के साथ उपनिरीक्षक अतुल भदौरिया, वैभव तोमर, विजय शिवहरे, सत्यवीर सिंह, प्रधान आरक्षक सतेन्द्र यादव, प्रमोद पाराशर, राजवीर पिप्पल, चतुर सिंह एवं अन्य आरक्षकों की टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई। स्थानीय प्रशासन द्वारा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए लगातार निगरानी और अभियान जारी रखने की बात कही गई है।
