भिंड पुलिस ने 1.10 लाख की अवैध शराब जब्त की, दो गिरफ्तार
भिंड में पुलिस ने 1.10 लाख रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी व देशी शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को एक बाइक भी बरामद हुई है।

द क्लिफ न्यूज़ | 24 अगस्त 2026
भिंड जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1,10,000 रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी और देशी शराब जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को शराब की डिलीवरी करते हुए पकड़ा, जबकि उसके साथी को भी गिरफ्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि मेला ग्राउंड के पास एक व्यक्ति अवैध शराब की खेप लेकर डिलीवरी देने के लिए खड़ा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा। आरोपी के पास से 20 पाव देशी प्लेन शराब और रॉयल स्टैग की एक बोतल (750 एमएल) बरामद हुई। तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्पलेंडर प्लस बाइक (एमपी07जेडब्ल्यू1993) भी जब्त कर ली गई।
साथी के घर से मिला शराब का बड़ा जखीरा
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर मांग के अनुसार शराब की सप्लाई करता है। उसकी निशानदेही पर पुलिस बालाजी नगर स्थित उसके साथी के घर पहुंची। घर की तलाशी लेने पर ऊपरी मंजिल के एक कमरे और बाथरूम में छुपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब का एक बड़ा स्टॉक बरामद हुआ। बरामद की गई कुल शराब की मात्रा 53.445 लीटर बताई जा रही है, जिसमें 99 क्वार्टर (180 एमएल), 41 हाफ बोतल (375 एमएल) और 7 फुल बोतल (750 एमएल) के साथ-साथ बीयर के कैन भी शामिल हैं। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत ₹1,10,000 आंकी गई है।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, सप्लाई नेटवर्क का होगा खुलासा
पुलिस ने जब्त की गई अवैध शराब और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है ताकि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इस अवैध धंधे में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा सके। उम्मीद है कि इस मामले में जल्द ही अन्य बड़े सप्लायरों और नेटवर्क का भी खुलासा होगा। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अमित सिकरवार, उनि० नीतेन्द्र मावई, सउनि० मोहम्मद कासिम खान, प्रआर० नीरज भदौरिया, आर० सौरभ शर्मा, आर० दीपक राजावत, आर० प्रशांत भारद्वाज, आर० ओमप्रकाश यादव, आर० अमन प्रताप सिंह और आर० अभिषेक यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
