BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

भिंड में मिला पामोलिन तेल से बना केक, 24 खाद्य नमूनों की जांच शुरू

भिंड खाद्य विभाग ने 25-26 अगस्त को मावा, पनीर, घी और मिठाइयों की इकाइयों का निरीक्षण कर 24 नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे। एक दुकान से पामोलिन तेल और मिल्क पाउडर से बना 9.5 किलोग्राम मिक्स केक भी जब्त किया गया।

Few hours ago
2 मिनट में पढ़ें
भिंड में मिला पामोलिन तेल से बना केक, 24 खाद्य नमूनों की जांच शुरू

द क्लिफ न्यूज़ | 26 अगस्त 2026

भिंड जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर खाद्य नमूनों की जांच की है। कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा और अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निर्देशन में 25 एवं 26 अगस्त 2026 को गोरमी, रौन, गोहद और मौ तहसीलों में मावा, पनीर, घी और मिठाइयों की विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 24 नमूने एकत्र कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं, जिनमें से कुछ नमूनों में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं।

25 अगस्त को तहसील गोरमी के ग्राम हसनपुरा स्थित बालाजी डेयरी और अंबिका डेयरी से मावा की क्रीम और दूध के नमूने लिए गए। रौन तहसील में आदर्श डेयरी से मावा व घी के नमूने, जबकि गोहद तहसील में अग्रवाल स्वीट्स से ड्राई फ्रूट्स लड्डू व मावा बर्फी, न्यू अग्रवाल स्वीट्स से पनीर, योगेंद्र डेयरी से मावा व घी के नमूने जांच के लिए भेजे गए। अंशुल किराना से तुअर दाल के नमूने भी लिए गए।

मिला मिलावटी केक, 9.5 किलोग्राम जब्त

26 अगस्त को कार्रवाई के दौरान, भिंड शहर के बस स्टैंड स्थित आदिशक्ति स्वीट्स से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती किरण सेंगर ने मौके पर पामोलिन तेल और मिल्क पाउडर से बना 9.5 किलोग्राम का एक मिक्स केक जब्त किया। दुकान संचालक पैक किए गए मिक्स केक को खोलकर मिल्क केक के रूप में बेच रहा था, जो कि खाद्य सुरक्षा नियमों के विपरीत है। इसके अतिरिक्त, इसी दिन तहसील गोरमी के ग्राम मानहड़ स्थित सूरज सिंह की डेयरी से मावा, ग्राम प्रतापपुरा स्थित अशोक डेयरी से घी व मावा, गंगा सिंह की डेयरी से मावा और महेंद्र सिंह की डेयरी से मावा के नमूने लिए गए।

शहर की अन्य दुकानों से भी लिए गए नमूने

भिंड शहर में द्वारिका पेड़ा हाउस से बर्फी व घी, सागर पेड़ा हाउस से मावा, दाऊजी स्वीट्स गोल मार्केट से सोयाबीन ऑयल और काजू कतली, तथा शिव मिष्ठान भंडार हनुमान बजरिया से मीठी बूंदी व कृष्णा स्वीट्स से बर्फी के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए गए।

सभी जब्त किए गए नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानव अधिनियम के तहत दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया गया।