तात्या टोपे विवि में अनियमितताओं के खिलाफ विद्यार्थी परिषद का हल्ला बोल
गुना: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने तात्या टोपे विश्वविद्यालय में आर्थिक, प्रशासनिक और शैक्षणिक अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच की मांग...

गुना | संवाददाता: राजा हतम वेग
द क्लिफ न्यूज़ | गुना | 24 नवंबर 2026
गुना स्थित क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय में कथित आर्थिक, प्रशासनिक और शैक्षणिक अनियमितताओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया है। एबीवीपी की गुना इकाई ने प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी के नेतृत्व में एक प्रेसवार्ता आयोजित कर कई गंभीर दस्तावेज सार्वजनिक किए और शासन से तत्काल उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की है।
एबीवीपी के प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु पर अनियमितताओं को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने प्रेसवार्ता में बताया कि आउटसोर्सिंग निविदा प्रक्रिया में नियमों का उल्लंघन करते हुए पीतांबर मैनपॉवर सप्लाई को कार्य सौंपा गया। इसके अलावा, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों के विपरीत अतिथि विद्वानों की भर्ती और विश्वविद्यालय से जुड़े करीबियों की नियुक्तियों के मामले भी प्रकाश में आए हैं।
वित्तीय अनियमितताओं पर उठे सवाल
परिषद ने विश्वविद्यालय के वित्तीय प्रबंधन पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। केतन चतुर्वेदी ने आरोप लगाया कि निजी वाहनों के संचालन और बस निविदा आवंटन में मनमानी की जा रही है। इन आवंटनों में पारदर्शिता का अभाव है और वित्तीय नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे विश्वविद्यालय को आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका है।
परीक्षा प्रणाली की गुणवत्ता पर चिंता
शैक्षणिक अनियमितताओं के क्रम में, विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गुणवत्ता पर भी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली को बंद कर दिए जाने से परीक्षा की गोपनीयता भंग हो रही है। इसके अतिरिक्त, उत्तर पुस्तिकाओं की गुणवत्ता जांच के अभाव में परीक्षा परिणामों में लगातार त्रुटियां सामने आ रही हैं, जिससे छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। परिषद ने वित्त नियंत्रक को हटाने और परीक्षा संबंधी संवेदनशील कार्यों को आउटसोर्सिंग कर्मियों से कराए जाने की प्रक्रिया पर भी प्रश्नचिन्ह लगाया है।
आंदोलन की चेतावनी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि विश्वविद्यालय में चल रही इन अनियमितताओं के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो छात्र हितों की रक्षा के लिए चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा। परिषद ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी आंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
