BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

बारिश के बीच सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

गुना जिले में सावन के दूसरे सोमवार पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रिमझिम बारिश के बावजूद शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी, जहां जलाभिषेक और पालकी यात्राओं का आयोजन हुआ।

Few mins ago
2 मिनट में पढ़ें
बारिश के बीच सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

द क्लिफ न्यूज़ | गुना | 10 अगस्त 2026

सावन के दूसरे सोमवार को गुना जिले में आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। अलसुबह से ही रिमझिम बारिश की फुहारों के बीच शहर से लेकर अंचल के शिव मंदिरों में 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारे गूंजते रहे। मौसम की परवाह किए बिना श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन किया। जिले भर में अनेक स्थानों पर भव्य कांवड़ यात्राएं निकाली गईं और सार्वजनिक व व्यक्तिगत धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

शिवाजी नगर से एक भव्य पालकी यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया। श्रावण मास में भगवान शिव की पूजा को अत्यंत फलदायी माना जाता है, इसी मान्यता के तहत जयस्तंभ चौराहा स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, पुराने आरटीओ परिसर स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर, जिला चिकित्सालय परिसर स्थित महादेव मंदिर, नयापुरा स्थित गोपाल मंदिर, पुरानी गल्ला मंडी शिवालय और हनुमान चौराहा मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा, शमी, अकऊआ और पीले-सफेद पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके अतिरिक्त, शहर के समीप स्थित प्रसिद्ध गादेर गुफा मंदिर और मालपुर गुफा मंदिर पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया।

भगवान नीलकंठ की पालकी यात्रा और विशेष श्रृंगार

परंपरा अनुसार, दोपहर में जयस्तंभ चौराहा स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से भगवान नीलकंठ की भव्य पालकी यात्रा का शुभारंभ हुआ। नगर के प्रमुख मार्गों से निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा का समापन मंदिर परिसर में महाआरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ। वहीं, पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में शाम को भगवान शिव का आकर्षक विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए देर शाम तक भक्तों का जमावड़ा लगा रहा।

सात दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण महोत्सव का शुभारंभ

इस अवसर पर, जाटपुरा रोड स्थित श्री जागेश्वर महादेव मंदिर में सात दिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। मंदिर के पुजारी चंद्रप्रकाश महाराज के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने उमंग के साथ पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया। इसके पश्चात, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और विशेष पूजन संपन्न कराया गया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सदस्यों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में निर्मित पार्थिव शिवलिंगों का शाम को सिंघवासा तालाब में विसर्जन किया गया। यह धार्मिक आयोजन आगामी एक सप्ताह तक निरंतर जारी रहेगा।