बलरामपुर: नगर पालिका ने दुर्गा पूजा समितियों को किया सम्मानित, सहयोग राशि वितरित
बलरामपुर नगर पालिका ने दुर्गा पूजा, रामलीला और दशहरा के सफल आयोजन हेतु 200 से अधिक समितियों को 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता, पूजा सामग्री,...

बलरामपुर उत्तर प्रदेश | संवाददाता: अनिरुद्ध प्रताप शुक्ल
द क्लिफ न्यूज़ | बलरामपुर | 5 अक्टूबर 2026
बलरामपुर में आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा, रामलीला और दशहरा पर्वों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज के ऑडीटोरियम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में विभिन्न समितियों के पदाधिकारी और नगर पालिका के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू ने नगर क्षेत्र की दो सौ से अधिक दुर्गा पूजा समितियों को 2,500 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। इसके अतिरिक्त शेष इकत्तीस समितियों को नगरपालिका परिषद के सभागार में डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू, डीपी सिंह और संजय शुक्ल की उपस्थिति में आर्थिक सहायता वितरित की गई। सम्मान स्वरूप सभी समितियों को आधुनिक पूजा थाली और अंगवस्त्र भी भेंट किए गए।
पर्वों के सफल आयोजन के लिए विशेष प्रबंध
अध्यक्ष डॉ. धीरू ने पर्वों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नवरात्रि और दशहरा हमारी सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं के अभिन्न अंग हैं। इन आयोजनों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर पालिका परिषद की ओर से त्यौहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों के आसपास की सड़कों की नियमित सफाई के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का पूर्ण ध्यान रखा जाएगा।
समन्वय और सहयोग पर जोर
नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी पूजा और रामलीला समितियों से प्रशासन के साथ सक्रिय समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समितियों का सहयोग आवश्यक है। बैठक में विभिन्न समितियों के अध्यक्ष और महामंत्री सहित नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा दिए गए सहयोग और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि उत्सव का वातावरण बना रहे।
