वरिष्ठ पत्रकार राकेश सिंह का लखनऊ में निधन, बलरामपुर में शोक की लहर
बलरामपुर के वरिष्ठ पत्रकार राकेश सिंह का सोमवार देर रात लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

द क्लिफ न्यूज़ | बलरामपुर | 1 सितंबर 2026
बलरामपुर जिले के वरिष्ठ पत्रकार राकेश सिंह का सोमवार देर रात लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। 55 वर्षीय सिंह, जो सिर में गंभीर चोट लगने के बाद कोमा में चले गए थे, केजीएमयू, लखनऊ की क्रिटिकल केयर यूनिट में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से जिले के पत्रकारिता जगत, राजनीतिक गलियारों और सामाजिक क्षेत्रों में गहरा शोक व्याप्त है।
मंगलवार को राप्ती नदी स्थित सिसई घाट पर उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। गमगीन माहौल में उपस्थित लोगों ने राकेश सिंह के सरल व्यवहार, सहज व्यक्तित्व और पत्रकारिता के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पत्रकारिता के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति
राकेश सिंह लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए थे और उन्होंने अपने लेखनी के माध्यम से जिले की विभिन्न समस्याओं तथा जन सरोकार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। उनकी निष्पक्ष और जनहितैषी पत्रकारिता के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
परिजन सदमे में, अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़
निधन का समाचार मिलते ही जिले में उनके परिचितों, शुभचिंतकों और पत्रकार साथियों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। लोगों ने उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत पत्रकार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। स्वर्गीय सिंह अपने पीछे पत्नी, बेटी सहित एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
