ऊमरी हत्या कांड: फरार दो आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र में तीन अक्टूबर को हुए हत्या के मामले में पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।...

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
द क्लिफ न्यूज़ | 18 अक्टूबर 2026
भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र में तीन अक्टूबर 2026 को हुई एक गंभीर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें माननीय न्यायालय ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
यह मामला ग्राम खरिका में हुई एक घटना से संबंधित है, जिसकी शिकायत दीप सिंह राजावत ने ऊमरी थाने में दर्ज कराई थी। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 233/2026 दर्ज किया था। विवेचना के दौरान घायल की मृत्यु हो जाने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (1) जोड़ी गई।
फरार आरोपियों की तलाश तेज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भिंड पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश जारी किए थे। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मुख्यालय सतीश सिंह के मार्गदर्शन में ऊमरी थाना पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने निरंतर प्रयास और मुखबिरों की सहायता से 17 अक्टूबर 2026 को घटना के दो फरार आरोपियों को दबोचने में कामयाबी हासिल की।
न्यायालय ने भेजा जेल
गिरफ्तारी के बाद, दोनों आरोपियों की विधिवत प्रक्रिया पूरी की गई और उन्हें माननीय न्यायालय भिंड में पेश किया गया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता पर संज्ञान लेते हुए दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह सेंगर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रवि सिंह कुशवाह और उनकी टीम के सदस्यों, जिनमें मदन मोहन शर्मा, राजेश सिंह, जबर सिंह, सोनू दुबे, प्रदीप, भानु प्रताप सिंह, अमित बघेल, आकाश शर्मा, राहुल और शैलेन्द्र शामिल थे, ने सराहनीय भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधों के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
