BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

सिवनी में 1 करोड़ की डकैती का 24 घंटे में खुलासा, 7 गिरफ्तार

सिवनी पुलिस ने NH-44 पर आभूषण व्यवसायी से हुई 1 करोड़ से अधिक की डकैती का 24 घंटे में पर्दाफाश किया है। 7 आरोपी गिरफ्तार, 320 ग्राम सोना, 26 किलो चांदी और नकदी जब्त।

Few hours ago
2 मिनट में पढ़ें
सिवनी में 1 करोड़ की डकैती का 24 घंटे में खुलासा, 7 गिरफ्तार

द क्लिफ न्यूज़ | भोपाल | 6 सितंबर 2026

मध्य प्रदेश पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 पर हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की डकैती की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई लगभग 1 करोड़ 11 लाख रुपये की शत-प्रतिशत संपत्ति भी बरामद की है, जिसमें 320 ग्राम सोना और 26 किलोग्राम चांदी शामिल है।

यह घटना 3 सितंबर की शाम थाना बंडोल क्षेत्र में ग्राम भोंगाखेड़ा स्थित गीता वेयर हाउस के सामने घटित हुई थी। अज्ञात आरोपियों ने मोटरसाइकिल से एक आभूषण व्यवसायी को ओवरटेक कर रोका। पीड़ित की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर और चाकू दिखाकर उसके पास रखे लगभग 26 किलोग्राम चांदी, 320 ग्राम सोने के जेवरात और नकदी सहित कुल 1 करोड़ 08 लाख रुपये का सामान लूट लिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

दस टीमों ने मिलकर 24 घंटे में सुलझाई गुत्थी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा के निर्देशन में सिवनी पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने तत्काल 10 विशेष टीमों का गठन किया। इन टीमों को आरोपियों की धरपकड़ और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए अलग-अलग दिशाओं में रवाना किया गया।

पुलिस टीमों ने सिवनी, नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा, लखनादौन सहित विभिन्न क्षेत्रों में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। इस तकनीकी विश्लेषण और मैदानी सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस की इस त्वरित और समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप, 24 घंटे के भीतर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

संपत्ति बरामदगी और भविष्य की कार्रवाई

आरोपियों के कब्जे से डकैती में लूटा गया 320 ग्राम सोना, 26 किलोग्राम चांदी, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें और सात मोबाइल फोन सहित कुल लगभग 1 करोड़ 11 लाख रुपये की शत-प्रतिशत संपत्ति जब्त की गई है। मध्य प्रदेश पुलिस गंभीर और संगठित अपराधों के विरुद्ध त्वरित, तकनीक-सक्षम और प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। अपराधियों की धरपकड़ के साथ-साथ नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और लूटे गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने की दिशा में पुलिस निरंतर प्रयासरत है।