सीएम योगी के फर्रुखाबाद दौरे की सुरक्षा का डीआईजी ने लिया जायजा
फर्रुखाबाद में 3 सितंबर को प्रस्तावित सीएम योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर डीआईजी यमुना प्रसाद ने पुलिस लाइन फतेहगढ़ पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

संवाददाता: संदीप तिवारी
द क्लिफ न्यूज़ | फर्रुखाबाद | 2 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 3 सितंबर को फर्रुखाबाद प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर, पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कानपुर परिक्षेत्र के उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) यमुना प्रसाद ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल पुलिस लाइन फतेहगढ़ पहुंचकर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
डीआईजी यमुना प्रसाद ने पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपैड, पार्किंग स्थल, तथा रूट डायवर्जन की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात किए गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक ब्रीफिंग भी की। इस ब्रीफिंग में उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से उपस्थित रहें और वीआईपी सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन करें।
सुरक्षा मानकों और आपातकालीन तैयारियों पर जोर
निरीक्षण के दौरान, डीआईजी ने भीड़ एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने पर भी जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी और सभी को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी संपन्न करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला मजिस्ट्रेट अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा पहले डबरी गांव में प्रस्तावित था, लेकिन भारी बारिश की आशंका के चलते इसे पुलिस लाइन, फतेहगढ़ में स्थानांतरित कर दिया गया है।
