BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

सड़क सुरक्षा में पुलिस की भूमिका: पीटीआरआई में दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

मध्यप्रदेश पुलिस परिवहन शोध संस्थान (पीटीआरआई) भोपाल में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और पीड़ितों को सहायता हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ।

Few hours ago
3 मिनट में पढ़ें
सड़क सुरक्षा में पुलिस की भूमिका: पीटीआरआई में दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

द क्लिफ न्यूज़ | भोपाल | 22 अगस्त 2026

मध्यप्रदेश पुलिस परिवहन शोध संस्थान (पीटीआरआई), भोपाल में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा दुर्घटना पीड़ितों को शासकीय योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 20 एवं 21 अगस्त 2026 को “सुरक्षित वाहन चालन कोर्स” विषय पर आयोजित हुआ, जिसमें निरीक्षक से आरक्षक चालक स्तर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री मोहम्मद शाहिद अबसार के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं, विशेषकर उनमें होने वाली मृत्यु की संख्या में कमी लाना, सुरक्षित वाहन चालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर शासकीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से पुलिसकर्मियों को परिचित कराना रहा।

दुर्घटना विश्लेषण और रोकथाम पर बल

प्रशिक्षण सत्र के शुभारंभ अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक पीटीआरआई श्री टी.के. विद्यार्थी ने सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण, उनके कारणों की पहचान और रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हिट एंड रन मामलों, पी.एम. राहत योजना, राहवीर योजना सहित दुर्घटना पीड़ितों के लिए उपलब्ध विभिन्न शासकीय योजनाओं की महत्ता पर प्रकाश डाला और कहा कि इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सड़क दुर्घटना होने के तुरंत बाद पीड़ितों को तत्काल आवश्यक सहायता मिले। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर और प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने में पुलिस अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।

सुरक्षित वाहन चालन व रखरखाव का प्रशिक्षण

दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को वाहनों के कूलिंग सिस्टम, सुरक्षित वाहन चालन की तकनीक, कारकेड एवं सुरक्षित वाहन संचालन, संकेत सूचक के प्रयोग के साथ-साथ वाहनों के दैनिक रखरखाव के संबंध में व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। “सुरक्षित वाहन चालन कोर्स” का उद्देश्य पुलिस वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक और दक्ष बनाना है, ताकि वे न केवल स्वयं सुरक्षित रूप से वाहन चला सकें, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी प्रभावी योगदान दे सकें।

इस प्रशिक्षण में ऐसे सुरक्षित सड़क नेटवर्क की अवधारणा पर भी बल दिया गया, जिसमें पदयात्रियों, साइकिल चालकों और अन्य सभी सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और प्राथमिकता सुनिश्चित हो। सुरक्षित वाहन चालन, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन और जन जागरूकता को सड़क दुर्घटनाओं तथा उनमें होने वाली मौतों की संख्या को कम करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण साधन बताया गया।

प्रशिक्षण के सफल समापन पर पीटीआरआई द्वारा सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर पीटीआरआई के समनि श्री मनोज शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु कार्तिकेय सहित प्रशिक्षण टीम के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।