राज्य स्तरीय 'लक्ष्य मंथन' योगासन प्रतियोगिता: इंदौर में पहले चरण का सफल समापन
इंदौर में 30 अगस्त को राज्य स्तरीय 'लक्ष्य मंथन' योगासन प्रतियोगिता का पहला क्वालिफाइंग चरण संपन्न हुआ। 375 प्रतिभागियों ने व्यक्तिगत और जोड़ी स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

द क्लिफ न्यूज़ | इंदौर | 31 अगस्त 2026
मध्य प्रदेश शासन के योग आयोग के संरक्षण और मार्गदर्शन में आयोजित राज्य स्तरीय “लक्ष्य ‘मंथन’ योगासन प्रतियोगिता” का प्रथम क्वालिफाइंग चरण आज, 30 अगस्त को इंदौर के सेंट अर्नोल्ड हायर सेकेंडरी स्कूल, स्कीम नं. 74, विजय नगर में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य योग, स्वास्थ्य संवर्धन और सामाजिक चेतना का व्यापक प्रसार करना है।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में प्रशासनिक, शैक्षणिक और खेल जगत की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) इंदौर शौर्य मल्होत्रा, एसडीएम (हातोद) राजेश सिंह, सेंट अर्नोल्ड स्कूल के प्राचार्य फादर पायस, क्षेत्रीय खेल अधिकारी (RSO) इंदौर हेमंत वर्मा और प्रशांत महंत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए योग को जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने के महत्व पर बल दिया।
प्रतियोगिता का आयोजन एवं उद्देश्य
लक्ष्य पर्यावरण एवं वाटर सॉल्यूशन वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद नन्दवाल ने बताया कि संस्था पर्यावरण और जल संरक्षण के साथ-साथ स्वस्थ व तनावमुक्त जीवनशैली के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करने हेतु यह प्रतियोगिता कुल तीन चरणों में आयोजित की जा रही है। आज प्रथम चरण के सफल समापन के पश्चात, प्रतियोगिता का दूसरा क्वालिफाइंग चरण 06 सितंबर को इसी स्थल पर आयोजित किया जाएगा। वहीं, दोनों चरणों के श्रेष्ठ चयनित प्रतिभागी 12 सितंबर को बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स, इंदौर में आयोजित होने वाले भव्य फाइनल राउंड में अपना प्रदर्शन करेंगे।
प्रतिभागियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
आज के प्रथम चरण के मुकाबले में प्रदेश भर से कुल 375 योग साधकों ने भाग लिया, जिनमें विभिन्न विद्यालयों, योग महाविद्यालयों, प्रशिक्षण केंद्रों, संस्थाओं और व्यक्तिगत प्रतिभागियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतियोगिता के पहले चरण में 8 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के लिए मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने व्यक्तिगत वर्ग के साथ-साथ दो साधकों की जोड़ी (पेयर) बनाकर संगीत की धुन पर अपने योगासनों का असाधारण प्रदर्शन किया।
व्यक्तिगत स्पर्धा में, प्रतियोगियों ने निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार कठिन आसनों का तय क्रम में प्रदर्शन किया, जिसमें उनकी क्षमता और एकाग्रता का परिचय मिला। वहीं, जोड़ी वर्ग में दोनों साधकों ने संगीत की लय के साथ अद्भुत तालमेल, समान गति और शारीरिक संतुलन का शानदार समन्वय प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
परिणाम और निर्णायक मंडल
प्रतियोगिता के कड़े और रोमांचक मुकाबलों में साधकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी रैंकिंग सुनिश्चित की। व्यक्तिगत बालक वर्ग में अभिराज श्रोती ने प्रथम स्थान अर्जित किया, जबकि आरव सोनी द्वितीय स्थान पर रहे। व्यक्तिगत बालिका वर्ग में आध्या द्विवेदी ने पहला स्थान प्राप्त किया, वहीं दीक्षिका परिहार दूसरे स्थान पर रहीं। जोड़ी स्पर्धा के बालक वर्ग में स्वयं सिंह बघेल और विशेष वाधवानी की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि वेदांत शर्मा और तनय पुरोहित की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही। बालिका जोड़ी वर्ग में श्रेया त्रिपाठी और उन्नति नाहर ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि रीत श्रीवास्तव और आराध्या पंजरे की जोड़ी दूसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता का संचालन और मूल्यांकन राष्ट्रीय स्तर की योग निर्णायक परीक्षा उत्तीर्ण अनुभवी निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। निर्णायकों ने आसनों की शुद्धता, लचीलापन, शारीरिक संतुलन, तकनीक, प्रस्तुति शैली और संगीत के साथ समन्वय जैसे मानकों के आधार पर प्रतिभागियों को अंक प्रदान किए। पूरा कार्यक्रम खेल नियमों और सुरक्षा मानकों के पूर्ण पालन के साथ संपन्न हुआ।
अगले चरण की तैयारी
समारोह के समापन पर, आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्यों डॉ. हेमंत शर्मा, श्री अनिल अग्रवाल, सुश्री रौनक सोनी, श्री प्रेम दुआ, श्री मनोज वर्मा और श्री चंद्रशेखर तिवारी आदि ने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने 06 सितंबर को होने वाले अगले चरण के लिए अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की, ताकि प्रदेश के युवा योग को अपनी जीवनशैली का अहम हिस्सा बना सकें और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। यह प्रतियोगिता युवाओं में न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी बढ़ावा देगी।
