रजाखेड़ी में दिव्यांगों के लिए सहायक उपकरण शिविर, 228 हितग्राहियों का पंजीकरण
नरयावली विधानसभा क्षेत्र के दिव्यांगजनों के लिए रजाखेड़ी में निःशुल्क सहायक उपकरण परीक्षण शिविर का आयोजन हुआ। 228 लोगों का पंजीकरण किया गया, 28 को कृत्रिम अंग लगे।

द क्लिफ न्यूज़ | सागर | 23 जुलाई 2026
नरयावली विधानसभा क्षेत्र के दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से सागर जिले के मकरोनिया क्षेत्र के रजाखेड़ी बजरिया में एक निःशुल्क सहायक उपकरण परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। भारत सरकार की दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD) की एडीआईपी (ADIP) योजना के तहत आयोजित इस शिविर में नगर पालिका परिषद मकरोनिया, सागर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दिव्यांग हितग्राहियों ने भाग लिया।
शिविर के दौरान, नरयावली विधानसभा क्षेत्र के कुल 228 पात्र दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया। इनमें से 28 हितग्राहियों को मौके पर ही आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंग लगाए गए। शेष हितग्राहियों की पात्रता के अनुसार परीक्षण उपरांत उन्हें सहायक उपकरण की पर्चियां वितरित की गईं, जिनका वितरण आगामी शिविरों में जल्द ही किया जाएगा। इस शिविर में ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, स्मार्ट केन और वॉकर जैसे विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए दिव्यांगजनों का परीक्षण और पंजीकरण किया गया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण आयोजन में नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के पुत्र श्री अंशुल लारिया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पवन कुमार शर्मा, स्वास्थ्य विभाग में सभापति पार्षद श्री विवेक सक्सेना, श्री बलबंत सिंह ठाकुर, श्री नरेंद्र सिंह ठाकुर, श्री राजा रिछारिया, श्री सोनू यादव, श्री मुकेश पटेल, श्री दिनेश दक्ष, एल्डरमैन श्री नरेंद्र रोहित, महिला मोर्चा की श्रीमति शिक्षा विश्वकर्मा, श्रीमति रश्मि अहिरवार, श्रीमति उमा रजक, श्रीमति आरती ठाकुर, सामाजिक सुरक्षा विस्तार अधिकारी श्री वासुदेव गौड, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डॉक्टर, नगर पालिका परिषद मकरोनिया के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में दिव्यांग हितग्राही उपस्थित रहे।
