पत्नी-बच्चे के सामने हाईवे पर युवक की गोली मारकर हत्या
फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर एक युवक की पत्नी और बच्चे के सामने अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने जांच शुरू...

द क्लिफ न्यूज़ | फर्रुखाबाद | 28 जुलाई 2026
फर्रुखाबाद के कादरीगेट थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली नेशनल हाईवे (730C) पर पांचालघाट के समीप रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ हरियाणा के फरीदाबाद निवासी एक युवक की उसकी पत्नी और मासूम बच्चे के सामने ही अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात से हाईवे पर सनसनी फैल गई।
घटना तब हुई जब 32 वर्षीय अरुण, जो अपनी पत्नी राखी और बच्चे के साथ वाराणसी से दर्शन कर फरीदाबाद स्थित अपने घर लौट रहे थे। पांचालघाट पर एक दुकान पर कोल्ड ड्रिंक, चिप्स और पानी खरीदने के लिए उन्होंने अपनी कार रोकी। इसी दौरान, एक सफेद रंग की कार में सवार हमलावरों ने अरुण पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। सिर और कंधे में गोली लगने के कारण अरुण की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और जांच प्रक्रिया
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सीओ सिटी अभय वर्मा और कई थानों की पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि मृतक अरुण अपने परिवार के साथ वाराणसी से लौट रहा था। प्रारंभिक जांच में अज्ञात हमलावरों द्वारा गोलीबारी की घटना की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने मामले के शीघ्र खुलासे के लिए थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की तीन टीमों को लगाया है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और वह जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
