पटना के नवीन विकास विद्यालय में अकादमिक सपोर्ट क्लासेस का भव्य शुभारंभ
पटना के नवीन विकास विद्यालय की शाखा 2 में शनिवार को अकादमिक सपोर्ट क्लासेस का उद्घाटन अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमित राज ने किया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

द क्लिफ न्यूज़ | पटना | 26 अगस्त 2026
पटना के केसरी नगर स्थित नवीन विकास विद्यालय की शाखा 2 में अकादमिक सपोर्ट क्लासेस का शुभारंभ शनिवार को एक गरिमामय समारोह में संपन्न हुआ। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहायता प्रदान करना और उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है।
समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, पटना, श्री अमित राज ने फीता काटकर कक्षाओं का विधिवत उद्घाटन किया। उनके साथ सुप्रसिद्ध विज्ञान शिक्षक और राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2025 से सम्मानित डॉक्टर विल्फ्रेड हेनरी तथा डायट के व्याख्याता डॉक्टर प्रमोद शंकर भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल का समर्थन किया।
शैक्षणिक उत्थान और प्रतिभा का प्रोत्साहन
डॉक्टर विल्फ्रेड हेनरी ने अपने संबोधन में बिहार के विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा पर प्रकाश डाला। उन्होंने जोर दिया कि एक शिक्षक का कर्तव्य है कि वह छात्रों को सही मार्गदर्शन देकर उन्हें सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचने में मदद करे। उन्होंने कहा कि इन अकादमिक सपोर्ट क्लासेस से विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को निखारने का एक उत्कृष्ट अवसर मिलेगा।
विद्यालय के निदेशक, अनिल प्रसाद सिंह ने बताया कि इन अकादमिक सपोर्ट क्लासेस को शुरू करने का मुख्य उद्देश्य छात्रों के समग्र विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल उनकी शैक्षणिक कमजोरियों को दूर करने में सहायक होगी, बल्कि उनकी रचनात्मक और बौद्धिक क्षमताओं को भी विकसित करेगी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
इस उद्घाटन समारोह में पटना के प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों, अभिभावकों, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और वातावरण में उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में दयाशंकर उपाध्याय, चंद्रकांत पांडे, अनिल कुमार, सुविमा कुमारी, राखी कुमारी, रीना सिंह, पूर्णिमा चौधरी, सविता शर्मा, पूजा कुमारी और संगीता कुमारी सहित सरस्वती देवी तथा प्रभावती देवी का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। अंत में, विद्यालय के निदेशक अनिल कुमार सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया और इस नई शुरुआत के लिए आभार व्यक्त किया।
