पश्चिम मध्य रेल ने चार माह में कोचिंग और संड्री आय में 163 करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित किया
पश्चिम मध्य रेल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चार माह में अन्य कोचिंग से 67.59 करोड़ और संड्री आय से 96.34 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।

द क्लिफ न्यूज़ | जबलपुर | 12 अगस्त 2026
पश्चिम मध्य रेल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों में अन्य कोचिंग और संड्री (विविध) आय से कुल 163 करोड़ 93 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया है। यह पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में एक महत्वपूर्ण वृद्धि को दर्शाता है। महाप्रबंधक के मार्गदर्शन और वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में किए गए बेहतर परिचालन एवं ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि हासिल हुई है।
आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में अन्य कोचिंग से 67 करोड़ 59 लाख रुपये और संड्री आय से 96 करोड़ 34 लाख रुपये का मूल राजस्व अर्जित किया गया। पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में अन्य कोचिंग से 60 करोड़ 55 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था, जो इस वर्ष 11.63 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह, संड्री आय में पिछले वर्ष के 94 करोड़ 17 लाख रुपये की तुलना में 2.30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
माह जुलाई में भी हुई राजस्व वृद्धि
खास तौर पर, जुलाई 2026 माह में भी अन्य कोचिंग से 17 करोड़ 1 लाख रुपये और संड्री से 20 करोड़ 56 लाख रुपये का मूल राजस्व अर्जित किया गया। पिछले वर्ष इसी माह में अन्य कोचिंग से प्राप्त 12 करोड़ 65 लाख रुपये की तुलना में यह 34.47 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है।
राजस्व वृद्धि के लिए किए गए प्रयास
पश्चिम मध्य रेल ने गैर-किराया राजस्व (नॉन-फेयर रेवेन्यू) में वृद्धि के लिए विभिन्न नवाचारों और नई अवधारणाओं को बढ़ावा दिया है। इसके तहत कैटरिंग, पार्किंग, 'वन स्टेशन वन प्रोडक्ट' पहल, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र की स्थापना और संबंधित अन्य अनुबंध किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, वाणिज्यिक विज्ञापन, मल्टीपर्पस स्टॉल, और ट्रेनों में विनाइल रैपिंग जैसे अनुबंधों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। नई अभिनव गैर-किराया राजस्व विचार योजना (NINFRIS) के तहत नई-नई योजनाओं को लागू किया जा रहा है, जिससे राजस्व के नए स्रोत विकसित हो सकें।
पश्चिम मध्य रेल द्वारा मूल अन्य कोचिंग और संड्री आय में निरंतर वृद्धि के लिए प्रयास जारी हैं और भविष्य में भी इन्हें बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई गई है।
