नर्मदापुरम: राजस्व वसूली कर रही बिजली विभाग की टीम पर हमला, FIR दर्ज
नर्मदापुरम में बिजली चोरी के मामले में राजस्व वसूली करने गई टीम पर हमला हुआ। आरोपी ने कनिष्ठ यंत्री को पीटा और जान से मारने...
द क्लिफ न्यूज़ डेस्क | संवाददाता: मुकेश भदौरिया
द क्लिफ न्यूज़ | नर्मदापुरम | 26 सितंबर 2026
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के नर्मदापुरम वृत के टाउन जोन-2 में शनिवार को एक शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट का मामला सामने आया है। सदर बाजार स्थित गुप्ता नर्सिंग होम के पीछे राजस्व वसूली के लिए गई बिजली विभाग की टीम पर देव परते नामक व्यक्ति ने हमला किया। इस घटना में कनिष्ठ यंत्री उमाकांत यादव के साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया गया, बल्कि उन्हें मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग की टीम दीपक मनसोरिया के परिसर में बिजली चोरी के विरुद्ध विजिलेंस दल द्वारा लगाए गए 54 हजार रुपये के जुर्माने की वसूली करने और अवैध रूप से जोड़ी गई लाइन को हटाने पहुंची थी। इसी दौरान देव परते ने कनिष्ठ यंत्री उमाकांत यादव और उनकी टीम के सदस्यों के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि हाथापाई भी की।
शासकीय कार्य में बाधा पर FIR दर्ज
इस अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही विभाग के अधिकारियों ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया। थाना कोतवाली में आरोपी देव परते पिता रामदास परते के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने विवेचना प्रारंभ कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि: प्रबंधन
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने इस घटना को शासकीय कार्य में बाधा डालने का गंभीर कृत्य करार दिया है। उन्होंने सभी नियंत्रणकर्ता अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मैदानी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी घटनाओं पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रबंधन का मानना है कि ड्यूटी के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा की जाने वाली इस तरह की हरकतें कर्मचारियों का मनोबल गिराती हैं। कंपनी ने सभी मैदानी अमले को निर्देशित किया है कि वे विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर निरंतर नजर रखें और किसी भी अप्रिय स्थिति या संभावित खतरे की सूचना मिलने पर तुरंत जिले के कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर आवश्यक सहयोग प्राप्त करें। विभाग ने भविष्य में कर्मचारियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का भरोसा दिलाया है। पुलिस आरोपी की भूमिका की गहनता से पड़ताल कर रही है।
