MP पुलिस का नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान: 5.89 करोड़ का गांजा जब्त
मध्यप्रदेश पुलिस ने नीमच और धार जिलों में आठ खेतों से 34 क्विंटल से अधिक गांजे के हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक है।

द क्लिफ न्यूज़ | भोपाल | 18 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा के निर्देशन में मध्यप्रदेश पुलिस प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध एक मजबूत और प्रभावी अभियान चला रही है। इसी कड़ी में, पुलिस ने नीमच और धार जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ अलग-अलग खेतों में गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया है। इस अभियान के दौरान 34 क्विंटल से अधिक गांजे के हरे पौधे जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ 89 लाख 49 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों जिलों में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत कुल आठ मामले दर्ज किए गए हैं।
यह कार्रवाई ड्रोन तकनीक और जमीनी स्तर पर सघन तलाशी अभियानों के माध्यम से की गई है, जिसमें संयुक्त पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसका उद्देश्य राज्य में मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और कारोबार पर अंकुश लगाना है।
नीमच में 2.79 करोड़ के गांजे के पौधे बरामद
नीमच जिले में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन में 16 अक्टूबर को कुकड़ेश्वर, मनासा और रामपुरा थानों की पुलिस टीमों ने मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। ड्रोन से संदिग्ध क्षेत्रों की हवाई निगरानी के बाद, टीमों ने मौके पर पहुंचकर भौतिक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान, चार अलग-अलग खेतों में पत्थरों की ऊंची चारदीवारी और मक्का की फसल की आड़ में गांजे की अवैध खेती की जा रही थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 51 हजार हरे गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 27.95 क्विंटल था। इन पौधों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 79 लाख 50 हजार रुपये है। संबंधित भूमि स्वामियों और अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध NDPS Act की धाराओं के तहत चार मामले दर्ज किए गए हैं।
धार में 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी खेप जब्त
धार जिले में पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा के नेतृत्व में 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, मनावर पुलिस ने 16 अक्टूबर को ग्राम बोहारला और चौकी उमरबन क्षेत्र में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीन अलग-अलग टीमों के साथ कार्रवाई की। इन टीमों ने कपास और तुअर की फसल के बीच उगाए जा रहे 1,223 हरे गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका वजन 1,621.98 किलोग्राम था। इन पौधों की अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 43 लाख रुपये है। इस संबंध में NDPS Act के तहत तीन मामले दर्ज किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत धार जिले में एक और बड़ी कार्रवाई हुई। थाना बाग और पुलिस चौकी डेहरी की टीम ने 17 अक्टूबर को ग्राम कनेरी के बैकल्यापुरा स्थित एक खेत से गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने खेत की तलाशी ली, जहां कपास की फसल के बीच 586 हरे गांजे के पौधे उगाए जा रहे थे। इन पौधों का वजन 446.6 किलोग्राम था और इनकी अनुमानित कीमत 66 लाख 99 हजार रुपये आंकी गई। आरोपी के विरुद्ध थाना बाग में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस प्रकार, धार जिले में 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कुल 3 करोड़ 9 लाख रुपये मूल्य के 2068.58 किलोग्राम गांजे के 1809 हरे पौधे जब्त किए गए हैं।
मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में मादक पदार्थों की अवैध खेती, भंडारण, परिवहन और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। दुर्गम और वन क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक के साथ-साथ पुलिस बल द्वारा प्रत्यक्ष तलाशी अभियानों का उपयोग कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी या किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना अपने निकटतम पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
