मध्यप्रदेश पुलिस का जुआ-सट्टे पर शिकंजा: अगस्त में 1.10 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
मध्यप्रदेश पुलिस ने जुआ और सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अगस्त माह में 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की नकदी और संपत्ति जब्त की है। विभिन्न जिलों में हुई कार्रवाई में 100 से अधिक आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

द क्लिफ न्यूज़ | भोपाल | 31 अगस्त 2026
मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश भर में जुआ और सट्टे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई करते हुए अगस्त माह में 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की नकदी और संपत्ति जब्त की है। इस दौरान 100 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का उद्देश्य ऐसे अवैध कारोबार पर अंकुश लगाकर आर्थिक और सामाजिक क्षति को रोकना है।
राज्य पुलिस ने अपने मुख्यालय के जनसंपर्क कक्ष से जारी एक बयान में बताया कि सूचना तंत्र, सतर्कता और मैदानी कार्रवाई के माध्यम से जुआ फड़ों तथा सट्टा गतिविधियों पर शिकंजा कसा गया है। जब्त की गई संपत्ति में नकदी के साथ-साथ मोबाइल फोन, वाहन, लैपटॉप, एटीएम कार्ड, वाई-फाई मॉडेम और अन्य उपकरण भी शामिल हैं।
विभिन्न जिलों में प्रमुख कार्यवाहियां
पुलिस द्वारा प्रदेश के कई जिलों में अलग-अलग कार्रवाईयां की गईं, जिनमें बड़ी मात्रा में अवैध संपत्ति जब्त की गई:
छिंदवाड़ा: अमरवाड़ा पुलिस ने ग्राम बिछुआ के जंगल में जुआ खेलते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में 1 लाख 53 हजार रुपये नकद, 13 मोबाइल और 05 वाहन सहित लगभग 60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
बालाघाट: थाना नवेगांव पुलिस ने अंतर्राज्यीय जुआरियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। मौके से 1 लाख 50 हजार रुपये नकद, 14 एंड्रॉयड मोबाइल और 03 चारपहिया वाहन सहित लगभग 38 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
नर्मदापुरम: थाना कोतवाली पुलिस ने कालिका नगर में एक अवैध जुआ फड़ पर कार्रवाई करते हुए 09 आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया और लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।
विदिशा: गंजबासौदा देहात पुलिस ने सट्टे के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में 21 हजार रुपये की नकद राशि, 01 मोटरसाइकिल, 06 एंड्रॉयड मोबाइल, सट्टा पर्ची और लीड पेन सहित लगभग 2 लाख 11 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
उमरिया: पुलिस ने ग्राम निमहा में संचालित जुआ फड़ पर छापा मारकर 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कब्जे से 5 हजार 330 रुपये नकद, 07 मोबाइल फोन और 02 दोपहिया वाहन सहित लगभग 1 लाख 62 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।
दतिया: थाना भांडेर पुलिस ने चिरगांव-भाण्डेर रोड स्थित बिछौदना में जुआ फड़ पर दबिश देकर 07 जुआरियों को गिरफ्तार किया और 40 हजार 100 रुपये नकद जब्त किए। इसी क्रम में, थाना इंदरगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 01 लैपटॉप, 06 मोबाइल और 01 रजिस्टर जब्त किए गए। थाना उनाव पुलिस ने खाती बाबा मंदिर के पास जुआ फड़ पर दबिश देकर 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 हजार 900 रुपये नकद सहित लगभग 93 हजार 900 रुपये की संपत्ति जब्त की। इस प्रकार दतिया जिले में कुल 1 लाख 34 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
छतरपुर: थाना कोतवाली पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान बड़ी कुंजरहटी मोहल्ला में संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 1 लाख 27 हजार रुपये नकद जब्त किए।
झाबुआ: चौकी पिटोल पुलिस ने एक होटल में जुआ खेलते हुए होटल संचालक सहित 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने 26 हजार 700 रुपये नकद, 05 मोबाइल और ताश की गड्डी सहित लगभग 81 हजार 700 रुपये की संपत्ति जब्त की। एक अन्य कार्रवाई में, पुलिस ने 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 हजार 700 रुपये नकद, 03 मोबाइल फोन और ताश के पत्ते जब्त किए। झाबुआ पुलिस द्वारा कुल 92 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
खंडवा: मान्धाता पुलिस ने जुआ खेलते हुए 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर 68 हजार रुपये नकद जब्त किए। शिवाजी नगर, खंडवा में भी जुआ खेलते 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 हजार 120 रुपये नकद जब्त किए गए। दोनों कार्यवाहियों में कुल 78 हजार 120 रुपये से अधिक की नकद राशि जब्त की गई।
अन्य जिले: इसी प्रकार, खरगोन की बड़वाह पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर 54 हजार 150 रुपये नकद, इंदौर पुलिस ने 40 हजार 350 रुपये नकद, ग्वालियर की थाना मुरार पुलिस ने 11 जुआरियों को गिरफ्तार कर 52 हजार 700 रुपये, गुना की थाना कोतवाली पुलिस ने 10 जुआरियों को गिरफ्तार कर 19 हजार 600 रुपये, अशोकनगर पुलिस ने 15 जुआरियों को गिरफ्तार कर 37 हजार 800 रुपये, उज्जैन के थाना बिरलाग्राम पुलिस ने 12 जुआरियों को गिरफ्तार कर 21 हजार 300 रुपये, बैतूल की सारनी पुलिस ने 05 जुआरियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 10 हजार 610 रुपये, शिवपुरी की कोतवाली पुलिस ने 3 हजार 500 रुपये तथा सिंगरौली जिले की थाना बैढ़न पुलिस ने 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 हजार 800 रुपये नकद जब्त किए।
निरंतर जारी रहेगी कार्रवाई
मध्यप्रदेश पुलिस जुआ एवं सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अपनी कार्रवाई को निरंतर जारी रखे हुए है। इन कार्रवाइयों का मुख्य उद्देश्य समाज में फैल रहे इन गैर-कानूनी कारोबारों पर प्रभावी अंकुश लगाना और इनसे होने वाली आर्थिक तथा सामाजिक बुराइयों को रोकना है। पुलिस जनता से भी अपील करती है कि वे ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें ताकि उन पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
