BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
State

मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली बाइक रैली

31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर होने वाली परेड में शामिल होने के लिए 14 राज्यों के 146 राइडर्स की बाइक रैली भोपाल से रवाना हुई, जिसका मुख्य उद्देश्य 'Fight Against Drugs' है।

Few hours ago
6 मिनट में पढ़ें
मध्य प्रदेश से राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश लेकर निकली बाइक रैली

द क्लिफ न्यूज़ | भोपाल | 22 अक्टूबर 2026

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेने तथा राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस का 7 सदस्यीय बाइक राइडर्स दल आज भोपाल से रवाना हुआ। पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने लाल परेड ग्राउंड, भोपाल में हरी झंडी दिखाकर इस बाइक रैली को रवाना किया।

यह राष्ट्रव्यापी बाइक रैली केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के समन्वय में आयोजित की गई है, जिसमें जोन-2 सेंट्रल के अंतर्गत बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश, ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल तथा जोन-4 नॉर्थ ईस्ट के अंतर्गत त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम एवं सिक्किम के प्रतिभागी शामिल हैं। मध्यप्रदेश सहित कुल 14 राज्यों के 146 बाइक राइडर्स लगभग 2,500 किलोमीटर की यात्रा तय कर भोपाल पहुंचे थे। यहां से रैली दल निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ते हुए 26 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगा और 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित मुख्य राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह एवं परेड में अपनी सहभागिता दर्ज कराएगा।

राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति के संकल्प का संदेश

फ्लैग-ऑफ समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने कहा कि यह मोटरसाइकिल रैली मात्र एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, साहस और नशे के विरुद्ध जनजागरण का एक राष्ट्रव्यापी संदेश है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती से विभिन्न राज्यों के पुलिस अधिकारी एवं जवान एक साझा उद्देश्य के साथ अपनी यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं, यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

श्री मकवाणा ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में दिसंबर 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने के निर्धारित लक्ष्य का उल्लेख किया। उन्होंने इस राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में पुलिस बलों के साथ-साथ समाज की सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया और विश्वास व्यक्त किया कि बाइक रैली इस अभियान को और व्यापक जनसमर्थन प्रदान करेगी।

उन्होंने भारत की एकता और अखंडता के संदर्भ में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की ऐतिहासिक भूमिका को याद किया, जिन्होंने स्वतंत्रता के बाद अनेक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सरदार पटेल के जीवन को दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्र के प्रति समर्पण और सामूहिक प्रयासों की प्रेरणा बताया, जिनकी जयंती 31 अक्टूबर को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है।

'Fight Against Drugs' प्रमुख संदेश

इस बाइक रैली का प्रमुख संदेश ‘Fight Against Drugs’ है। प्रतिभागी अपने निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए विभिन्न शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों, विशेषकर युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। श्री मकवाणा ने कहा कि एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मध्यप्रदेश का हॉक फोर्स कंटिंजेंट और मध्यप्रदेश पुलिस बैंड भी गुजरात में आयोजित परेड में सहभागिता करेंगे, और बाइक रैली के प्रतिभागी भी वहां पहुंचकर इस गरिमामयी आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

पुलिस महानिदेशक ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए एक गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए पुलिस के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बाइक रैली विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरते हुए नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाएगी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस ‘नशे से दूरी है जरूरी’ संदेश के साथ मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान भी संचालित कर रही है, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और इस दिशा में निरंतर प्रयास की आवश्यकता है।

सुरक्षा और अनुशासन पर विशेष ध्यान

श्री मकवाणा ने रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों को यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने, हेलमेट का उपयोग करने, पर्याप्त विश्राम लेने तथा अत्यधिक थकान की स्थिति में यात्रा जारी न रखने की अपील की। उन्होंने सभी राइडर्स को सुरक्षित यात्रा और राष्ट्रीय एकता दिवस के गरिमामयी आयोजन में सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

भागीदार दल और वरिष्ठ अधिकारी

प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं वाहिनियों से चयनित 7 सदस्यीय दल का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक श्री धनंजय शर्मा कर रहे हैं। दल में सहायक उप निरीक्षक (अ) श्री प्रभांशु सिंह, आरक्षक श्री अरविंद जाटव, आरक्षक श्री शोभित परतेती, आरक्षक श्री हेमंत कुमार परमार, आरक्षक श्री दुर्गेश कुमार एवं आरक्षक श्री गोविंद कटारे शामिल हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ श्री डी श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लाल परेड ग्राउंड, भोपाल से विभिन्न राज्यों के पुलिस राइडर्स का यह प्रस्थान मध्यप्रदेश के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ यह रैली युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगी। मध्यप्रदेश पुलिस ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के अंतर्गत मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई और जनजागरूकता के लिए लगातार प्रयास कर रही है, और ऐसी राष्ट्रीय स्तर की पहल इन प्रयासों को व्यापक जनसमर्थन देने तथा युवाओं तक प्रभावी संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

रैली में विभिन्न राज्यों के टीम कैप्टन के रूप में ओडिशा से निरीक्षक श्री समर सिंह, छत्तीसगढ़ से प्रधान आरक्षक श्री रविंद्र कुमार, पश्चिम बंगाल से उप निरीक्षक श्री संजीव रॉय, मध्यप्रदेश से रक्षित निरीक्षक श्री धनंजय शर्मा, बिहार से डीएसपी श्री मेराज हुसैन, झारखंड से डीएसपी श्री शंकर कामती, त्रिपुरा से डीएसपी श्री सुदर्शन दास, मिजोरम से डीएसपी श्री जेरेमिया, मेघालय से उप निरीक्षक श्री सागर, मणिपुर से निरीक्षक श्री अल्बर्ट, नागालैंड से उप निरीक्षक श्री सीएचसू, अरुणाचल प्रदेश से श्री अजीत यादव, असम से निरीक्षक श्री नीरज तथा सिक्किम से एएसआई श्री अनिल शेरपा सहभागिता कर रहे हैं। कार्यक्रम में डीजीपी श्री कैलाश मकवाणा ने सभी कप्तानों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में सातवीं वाहिनी के कमांडेंट श्री हितेश चौधरी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विशेष पुलिस महानिदेशक श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री आदर्श कटियार, प्रमुख सचिव श्रीमती सोनाली पोक्षे वायंगणकर, अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक श्री अंशुमन यादव, श्री सोलोमन यश कुमार मिंज, पुलिस आयुक्त श्री संजय कुमार, एनसीबी के अधिकारी श्री विकास सहित मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस राइडर्स एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार