मध्य प्रदेश: पुलिस स्मृति दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न, 9 जवान हुए थे शहीद
भोपाल में 21 अक्टूबर को होने वाले पुलिस स्मृति दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल लाल परेड मैदान पर हुई। डीजीपी कैलाश मकवाणा ने परेड का निरीक्षण किया। इस वर्ष प्रदेश के 9 पुलिस जवानों ने शहादत पाई है।

द क्लिफ न्यूज़ | भोपाल | 19 अक्टूबर 2026
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 21 अक्टूबर को आयोजित होने वाले पुलिस स्मृति दिवस के लिए सोमवार सुबह लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में फुल ड्रेस और फाइनल रिहर्सल संपन्न हुई। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने परेड का निरीक्षण किया और पुलिस स्मृति दिवस से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर को प्रात: 8:30 बजे इसी स्थल पर आयोजित किया जाएगा।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि की भूमिका प्रधान आरक्षक श्री राजमणी सिंह ने निभाई, जबकि फाइनल अभ्यास परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन श्री मनश्वी शर्मा ने किया। परेड के टू-आई-सी के तौर पर राज्य पुलिस सेवा के उप पुलिस अधीक्षक श्री गजेन्द्र प्रसाद नगपुरे मौजूद रहे। परेड में जिला बल एवं विशेष सशस्त्र बल की महिला प्लाटून, विशेष सशस्त्र बल की पुरुष प्लाटून, जिला पुलिस बल की पुरुष प्लाटून, होमगार्ड प्लाटून, पाल-बेयरर पार्टी, कलर पार्टी, पुलिस बैंड प्लाटून, अश्वारोही दल और श्वान दल की टुकड़ियाँ शामिल थीं।
शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
रिहर्सल के समय अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसएएफ श्री डी श्रीनिवास वर्मा, कमांडेंट सातवीं वाहिनी श्री हितेश चौधरी एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति के गीतों की मधुर धुन के बीच शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। समारोह का आरंभ पाल-बेयरर पार्टी द्वारा सम्मान सूची को स्मारक कोष में स्थापित करने और शहीद स्मारक को सलामी देने के साथ हुआ।
पुलिस स्मृति दिवस का महत्व
यह दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को उन सभी पुलिस कर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को याद करने के लिए मनाया जाता है जिन्होंने देश की सेवा में अपने प्राण न्यौछावर किए। इसकी पृष्ठभूमि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सेना के साथ हुई मुठभेड़ से जुड़ी है। उस दिन 16,000 फीट की ऊंचाई पर सीआरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर करम सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रही जवानों की टुकड़ी चीनी सैनिकों से जा भिड़ी थी। इस मुठभेड़ में 10 वीर जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं के अदम्य साहस और बलिदान की याद में यह दिवस देश भर की पुलिस इकाइयों द्वारा मनाया जाता है।
मध्यप्रदेश के 9 जवानों ने दी शहादत
इस वर्ष मध्यप्रदेश पुलिस के 9 जवानों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है। इन शहीद कर्मियों में निरीक्षक (वि.स. बल) स्व. श्री आशीष शर्मा, उप निरीक्षक स्व. श्री अशोक शर्मा, सहायक उप निरीक्षक स्व. श्री मदनलाल निनामा, प्रधान आरक्षक 291 स्व. श्री परिमाल सिंह तोमर, का.वा. प्रधान आरक्षक-40 स्व. श्री ओम प्रकाश भवेदी, का.वा. प्रधान आरक्षक-580 स्व. श्री सर्जन सिंह भील, महिला आरक्षक-1480 स्व. आरती पाल, आरक्षक-98 स्व. श्री महेश प्रसाद पाठक एवं आरक्षक-987 स्व. श्री विकास चतुर्वेदी शामिल हैं। इन सभी वीर जवानों के बलिदान को मध्यप्रदेश पुलिस कृतज्ञता के साथ स्मरण करती है।
