लाल किला रामलीला में उमड़ी भीड़, मनोज तिवारी बने केवट, नितिन नवीन रहे मुख्य अतिथि
लाल किला मैदान में लव कुश रामलीला में केवट के रूप में सांसद मनोज तिवारी ने निभाई भूमिका। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया रामलीला का अवलोकन।

संवाददाता: दीपक कुमार त्यागी
द क्लिफ न्यूज़ | दिल्ली | 15 अक्टूबर 2026
दिल्ली के लाल किला मैदान में आयोजित विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला में एक बार फिर आस्था का सैलाब उमड़ा। गुरुवार को यहां प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को गंगा पार कराने वाले भावपूर्ण केवट प्रसंग का विशेष आकर्षण देखने को मिला। इस मंचन में प्रसिद्ध गायक, अभिनेता एवं सांसद मनोज तिवारी ने केवट की भूमिका निभाई, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज और गीतों से रामलीला के वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि गुरुवार को केवट प्रसंग के साथ-साथ सुमंत की वापसी, राजा दशरथ के देहावसान, भरत-कैकेयी संवाद तथा चित्रकूट में भरत मिलाप जैसे भावनात्मक प्रसंगों का भी मंचन किया गया। इन दृश्यों में प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट प्रेम, त्याग, कर्तव्यपरायणता और पारिवारिक मर्यादाओं का मार्मिक चित्रण दर्शकों के हृदय को छू गया। दैनिक भास्कर परिवार के सदस्य पत्रकार व फिल्म अभिनेता मोहित त्यागी ने भी इस प्रसंग में महाराज दशरथ के मुख्य मंत्री सुमंत की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों ने किया अवलोकन
इस वर्ष की लव कुश रामलीला में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रवीण खंडेलवाल, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद एवं कलाकार मनोज तिवारी तथा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने भी रामलीला के मंचन का अवलोकन किया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने प्रभु श्रीराम की लीला का अवलोकन कर पुण्य लाभ कमाया।
रामलीलाएं संस्कृति का प्रतीक: नितिन नवीन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि रामलीलाएं भारतीय संस्कृति और परंपरा का सशक्त प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन हमें आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। श्री नवीन ने जोर देते हुए कहा कि हम सभी को उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलना चाहिए, तभी हम एक बेहतर समाज का निर्माण कर सकते हैं।
कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल ने बताया कि इस विशेष अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों एवं सांसदों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन की शोभा बढ़ाई।
